बिहार

अपर समाहर्ता ने किया बाईपास निर्माण स्थल का औचक निरीक्षण:मौजूद अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

जाम से निजात दिलाने की दिशा में प्रशासनिक सक्रियता हुई तेज

अमरपुर/बांका,अंगभारत| अमरपुर प्रखंड में वर्षों से लगने वाले भीषण जाम की समस्या से राहत दिलाने के उद्देश्य से निर्माणाधीन बाईपासपरियोजना अब निर्णायक मोड़ पर पहुंचती दिख रही है।मंगलवार को बांका के अपर समाहर्ता अजीत कुमार ने फाइव मेन कमिटी के साथ निर्माण कार्य का औचक निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कार्य में तेजी लाने का स्पष्ट निर्देश दिया।निरीक्षण टीम प्रखंड के चपरी, दिग्घी पोखर मोहल्ला तथा सिहुड़ी मोड़ सहित प्रस्तावित मार्ग के विभिन्न स्थलों पर पहुंची। इस दौरान आवासीय, कृषि एवं अन्य प्रकृति की भूमि का स्थलीय सत्यापन किया गया। रैयती एवं गैर-रैयती भूमि की स्थिति का अवलोकन करते हुए मौजूद अधिकारियों को आवश्यक प्रशासनिक कार्रवाई शीघ्र पूर्ण करने को कहा गया।अपर समाहर्ता अजीत कुमार ने बताया कि बाईपास निर्माण कार्य को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बहुत ही जल्द निर्माण कार्य पूर्ण कर लिया जाएगा, जिससे शहरवासियों को जाम की समस्या से काफी हद तक निजात मिलेगी।विदित हो कि अमरपुर में लगातार लगने वाले जाम को देखते हुए स्थानीय विधायक सह पूर्व मंत्री जयंत राज की पहल पर बाईपास निर्माण की स्वीकृति मिली थी। यह बाईपास सिहुड़ी मोड़ से प्रखंड मुख्यालय रोड होते हुए चपरी मोड़, सतघड़ा, सुरिहारी से गुजरते हुए कुल्हरिया चौक तक लगभग सात किलोमीटर लंबा प्रस्तावित है।परियोजना के पूर्ण होने के बाद अमरपुर शहर की यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव आने की उम्मीद जताई जा रही है।निरीक्षण के दौरान भुअर्जन पदाधिकारी रंजीत कुमार, पथ निर्माण विभाग के सहायक अभियंता विनोद दास, अमरपुर निबंधन कार्यालय के रजिस्ट्रार मुकेश कुमार सुमन, सीओ रजनी, राजस्व कर्मचारी कौशर आलम,अमीन मधुलता कुमारी, मधु कुमारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।प्रशासनिक स्तर पर बढ़ी सक्रियता से स्पष्ट है कि बाईपास निर्माण कार्य को लेकर अब किसी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि तय समय पर यह परियोजना पूर्ण होती है तो अमरपुर के लोगों को जाम की पुरानी समस्या से स्थायी रूप से राहत मिल सकती है।