गैस सिलेंडर रिसाव से घर में लगी भीषण आग, हजारों की संपत्ति राख
चांदन/बांका/अंग भारत| चांदन प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत सिलजोरी पंचायत के पैलवा गांव के वार्ड संख्या पांच में मंगलवार की सुबह लगभग दस बजे गैस सिलेंडर से रिसाव होने के कारण एक घर में भीषण आग लग गई। आग लगने से घर में अफरा-तफरी मच गई और देखते ही देखते लपटों ने पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया।प्राप्त जानकारी के अनुसार पैलवा गांव निवासी हीरामंडल के घर उनकी पुत्री परिवार के लिए खाना बना रही थी। इसी दौरान रसोई में रखे गैस सिलेंडर से अचानक गैस का रिसाव होने लगा और चूल्हे की आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि कुछ ही मिनटों में घर के सामान धू-धू कर जलने लगे।घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और सामूहिक प्रयास से आग बुझाने में जुट गए। काफी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने आग पर काबू पाया। सूचना मिलने पर अग्निशमन वाहन भी घटनास्थल पर पहुंचा, लेकिन तब तक स्थानीय लोगों द्वारा आग पर नियंत्रण पा लिया गया था।पीड़ित परिवार के अनुसार घर में रखा धान, चावल, गेहूं, आलू, कपड़े सहित लगभग पांच हजार रुपये नगद जलकर राख हो गए। आगजनी की इस घटना से परिवार को भारी आर्थिक क्षति पहुंची है।घटना के बाद पीड़ित परिवार ने अंचल कार्यालय में आवेदन देकर सरकारी सहायता की मांग की है। इस संबंध में अंचलाधिकारी रविकांत कुमार ने बताया कि मामले की जांच कर पीड़ित परिवार को सरकारी प्रावधान के अनुसार मुआवजा दिलाया जाएगा।ग्रामीणों ने गैस सिलेंडर उपयोग के दौरान सावधानी बरतने की अपील की है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं से बचा जा सके।

Mohan Milan