बिहार

जिलाधिकारी ने की विकास योजनाओं की समीक्षा

विद्यालयों में खेलकूद और साप्ताहिक जांच परीक्षा पर जोर

अंग भारत,सहरसा।  स्थानीय विकास भवन में मंगलवार को जिलाधिकारी दीपेश कुमार की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समन्वय समिति की साप्ताहिक समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में चल रही विभिन्न विकास योजनाओं की वर्तमान स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई और निर्माणाधीन परियोजनाओं को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण करने हेतु कड़े निर्देश दिए गए। समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने प्रगति यात्रा से संबंधित कार्यों की सराहना करते हुए इसमें और गति लाने का निर्देश दिया। शिक्षा व्यवस्था में सुधार की दिशा में एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए उन्होंने विद्यालयों में बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य के लिए खेलकूद गतिविधियों को अनिवार्य रूप से बढ़ावा देने पर जोर दिया। साथ ही, शैक्षणिक गुणवत्ता बनाए रखने के लिए वर्तमान में संचालित साप्ताहिक जांच परीक्षा को निरंतर जारी रखने का आदेश दिया। इस महत्वपूर्ण बैठक में उप विकास आयुक्त गौरव कुमार, नगर आयुक्त प्रभात कुमार झा, अपर समाहर्ता श्री निशांत, और अपर समाहर्ता आपदा प्रबंधन संजीव कुमार चौधरी सहित जिले के तमाम संबंधित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।