पंजवारा में विवाहिता की संदिग्ध मौत, पुलिस जांच में जुटी
पंजवारा,बांका/अंग भारत। थाना क्षेत्र के पंजवारा छोटी महादलित टोला में सोमवार सुबह एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतका की पहचान मुंशी दास की 22 वर्षीय पत्नी रूबी देवी के रूप में हुई है।घटना की सूचना मिलते ही पंजवारा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थानाध्यक्ष चंदन कुमार के नेतृत्व में जांच प्रारंभ की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए भागलपुर से एफएसएल टीम बुलाई गई, जिसने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। वहीं बौंसी के एसडीपीओ इंद्रजीत बैठा ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।बताया जाता है कि रूबी देवी का मायका झारखंड के गोड्डा जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत मकुड़ी गांव में है। उसकी शादी रतन दास के पुत्र मुंशी दास के साथ हुई थी। दंपती के एक पुत्री और एक माह का पुत्र है।मृतका के परिजनों का आरोप है कि उसके साथ अक्सर घरेलू विवाद और मारपीट होती थी। रविवार रात भी कथित रूप से विवाद हुआ था, जिसके बाद सोमवार सुबह उसकी मौत की खबर सामने आई। परिजनों ने थाना में आवेदन देकर मामले की निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बांका भेज दिया है। थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने बताया कि एफएसएल टीम से जांच कराई गई है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

Mohan Milan