हल्दी की खुशियों के बीच मातम: त्रिवेणीगंज में छात्रा की संदिग्ध मौत, दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका
सुपौल,अंग भारत। बिहार में सुपौल जिले के त्रिवेणीगंज थाना क्षेत्र के रहटा वार्ड-5 में रविवार शाम 18 वर्षीय छात्रा का शव बांसबिट्टी में दुपट्टे के सहारे लटका मिला। प्रथम दृष्टया मामला दुष्कर्म के बाद हत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।मृतका जनवितरण विक्रेता शिवचंद्र मंडल की नातिन थी और बीए पार्ट-वन की छात्रा बताई जा रही है। वह मूल रूप से किशनपुर थाना क्षेत्र के सिगयोंन मेहासिमर गांव निवासी मनोज मंडल की पुत्री थी और बचपन से अपने नाना के घर रह रही थी। परिवार में तीन बहन और एक भाई हैं, जिनमें वह बीच की संतान थी।परिजनों के अनुसार, पड़ोस में इंदु मंडल की पुत्री की शादी थी। रविवार को हल्दी समारोह के दौरान छात्रा को मेहंदी लिखवाने के लिए बुलाया गया था। शाम करीब सात बजे वह चापाकल पर हाथ धोने गई, जिसके बाद वह अचानक लापता हो गई। परिजनों का आरोप है कि उसी वार्ड के दो युवकों ने उसका मुंह दबाकर जबरन पोखर के समीप ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया और हत्या कर दी। इसके बाद शव को आत्महत्या का रूप देने के लिए दुपट्टे से लटका दिया गया।ग्रामीणों के अनुसार, घटनास्थल से युवती की चप्पल और कथित आरोपितों की भी चप्पल बरामद हुई है, जिससे मामले को लेकर संदेह और गहरा गया है। सूचना मिलते ही एसडीपीओ विभाष कुमार और थानाध्यक्ष राकेश कुमार पुलिस बल, तकनीकी एवं फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। एसडीपीओ ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की स्पष्ट पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल परिजनों ने दुष्कर्म को लेकर औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई है, लेकिन पुलिस सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है।घटना के बाद परिजनों में कोहराम मचा है। पूरे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी और कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग की है। घटना की जानकारी मिलने पर विधायक सोनम रानी मौके पर पहुंचीं और पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया। हल्दी की खुशियों के बीच मातम में बदली यह घटना क्षेत्र में कानून-व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर रही है। अब सबकी निगाहें पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी हैं।

Mohan Milan