फुल्लीडुमर/बांका/अंगभारत। प्रखंड के खेसर पंचायत अंतर्गत कदवारा गांव निवासी स्वर्गीय मुकेश कुमार सिंह की पत्नी प्रीति मुकेश सिंह को सरकार की ओर से चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता का चेक प्रदान किया गया। यह चेक अनुमंडल पदाधिकारी राजकुमार के निर्देश पर अनुमंडल कार्यालय में अंचलाधिकारी मनोज कुमार द्वारा सौंपा गया। बताया गया कि वर्ष 2017 में लिखनीकोझी के पास सड़क दुर्घटना में बाइक सवार स्व.महेंद्र सिंह के दो पुत्र कुमुद सिंह और मुकेश कुमार सिंह को एक तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी थी। हादसे में मुकेश कुमार सिंह की घटनास्थल पर ही मौत हो गई थी, जबकि गंभीर रूप से घायल कुमुद सिंह इलाज के बाद स्वस्थ हो गए थे। यह मामला पिछले आठ वर्षों से लंबित था। अंचलाधिकारी ने संज्ञान लेते हुए आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर मृतक के आश्रित को आर्थिक सहायता दिलाई। चेक मिलने पर परिजनों ने प्रशासन के प्रति आभार जताया।