बिहार

ग्रामीण नाला निर्माण से जल-जमाव की समस्या होगी समाप्त : दीपांकर

फुल्लीडुमर/बांका/अंगभारत। प्रखंड क्षेत्र के पथड्डा पंचायत अंतर्गत घुटियारा गांव में ढक्कन सहित नव निर्मित नाला निर्माण कार्य का उद्घाटन शुक्रवार को प्रखंड के उत्तरी क्षेत्र के जिला पार्षद सह बिहार जिला पार्षद संघ के अध्यक्ष विश्वजीत दीपांकर ने फीता काटकर किया। 15वीं वित्त आयोग की योजना से करीब आठ लाख रुपये की लागत से निर्मित इस नाले से गांव में लंबे समय से चली आ रही जल-जमाव की समस्या के समाधान की उम्मीद जताई जा रही है। जिसे पूरा कर लिया गया। उद्घाटन के अवसर पर जिला पार्षद दीपांकर ने कहा कि बरसात के दिनों में जल-जमाव के कारण ग्रामीणों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता था। नाला निर्माण से न केवल पानी निकासी की समस्या दूर होगी, बल्कि जलजनित बीमारियों और प्रदूषण के खतरे में भी कमी आएगी। उन्होंने कहा कि इस नाले की आवश्यकता लंबे समय से चिर परिचित माँग थी । मामला उनके संज्ञान में प्राथमिकता के तौर पर शामिल था। उन्होंने आगे कहा कि क्षेत्र के प्रत्येक गांव में नली, गली और सड़क निर्माण सहित सभी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। अन्य गांवों में भी शीघ्र निर्माण कार्य पूर्ण कराया जाएगा। मौके पर डॉ. बीरेन्द्र यादव, पप्पू कुमार, राजेश सिंह, उदय यादव, बृंदावन दास, वार्ड सदस्य सोनिया देवी, सीताराम सिंह, सुरेश प्रसाद, सुधांशु,नवल,ब्रजेश निराला समेत दर्जनों ग्रामीण उपस्थित थे।