बिहार

जोगबनी बॉर्डर पर सीमा सुरक्षा,सीमा प्रबंधन दुरुस्त करने को लेकर अधिकारियों ने की बैठक

सुपौल,अंग भारत।  भारत-नेपाल सीमा स्थित जोगबनी बॉर्डर पर सुरक्षा व्यवस्था और सीमा प्रबंधन को और अधिक सुदृढ़ करने को लेकर गुरुवार को बीसीपी गेट जोगबनी पर एक उच्चस्तरीय समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक से पूर्व अररिया के जिलाधिकारी विनोद दूहन, पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार तथा एसएसबी 56वीं वाहिनी के कमांडेंट शाश्वत कुमार ने संयुक्त रूप से सीमा क्षेत्र का भौतिक निरीक्षण किया।बैठक में सिस्टर एजेंसियों के अधिकारियों ने भाग लेते हुए सीमा पर सुरक्षा दायित्वों को प्रभावी बनाने, एजेंसियों के बीच समन्वय तंत्र मजबूत करने तथा बेहतर तालमेल स्थापित करने पर विस्तार से चर्चा की।अधिकारियों ने जांच प्रक्रिया को सुव्यवस्थित रखते हुए आम लोगों के आवागमन को सुचारु बनाए रखने पर भी विचार-विमर्श किया।बैठक के बाद मीडिया से बात करते हुए जिलाधिकारी विनोद दूहन ने बताया कि निरीक्षण के दौरान सीमा क्षेत्र में संभावित सुधारात्मक कार्यों की समीक्षा की गई और विभिन्न समस्याओं का जायजा लिया गया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए व्यवस्थाओं में त्वरित सुधार लाने पर जोर दिया।वहीं एसएसबी 56वीं वाहिनी के सेनानायक शाश्वत कुमार ने कहा कि सीमा सुरक्षा को लेकर यह एक महत्वपूर्ण बैठक रही, जिसमें प्रभावी जांच व्यवस्था के साथ यात्रियों की सुविधा सुनिश्चित करने पर विशेष मंथन हुआ। उन्होंने बताया कि बैठक में नेपाल की एपीएफ (सशस्त्र पुलिस बल) के अधिकारी भी शामिल हुए, जिससे दोनों देशों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने की दिशा में पहल की गई। उन्होंने कहा कि यह पहली बैठक है और शीघ्र ही दूसरी बैठक भी आयोजित की जाएगी।बैठक में जिलाधिकारी अररिया विनोद दूहन, कमांडेंट 56वीं वाहिनी एसएसबी बथनाहा शाश्वत कुमार, पुलिस अधीक्षक अररिया जितेंद्र कुमार, उप-कमांडेंट मदन मोहन भट्ट, एसडीएम अभय कुमार तिवारी, एडीएम अनिल कुमार झा, ओएसडी दिलीप कुमार, डीएसपी मुकेश कुमार साहा, डीपीओ प्लानिग उमानाथ झा, नगर परिषद जोगबनी के कार्यपालक पदाधिकारी मयंक कुमार, आई समवाय प्रभारी निरीक्षक हरेंद्र सिह तथा जोगबनी थाना अध्यक्ष राजीव कुमार आजाद सहित कई अन्य अधिकारी मौजूद रहे।