खेल

टी-20 में 700 विकेट लेने वाले पहले गेंदबाज बने अफगानिस्तान के स्पिनर राशिद खान

नई दिल्ली,अंग भारत।  अफगानिस्तान के दिग्गज स्पिनर राशिद खान ने टी-20 क्रिकेट में इतिहास रचते हुए 700 विकेट पूरे कर लिए हैं। वह इस उपलब्धि तक पहुंचने वाले दुनिया के पहले क्रिकेटर बन गए हैं। यह मुकाम उन्होंने संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के खिलाफ ग्रुप चरण के मुकाबले में हासिल किया, जो सोमवार को दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जा रहा है।अफगानिस्तान के कप्तान राशिद खान ने इस मैच में चार ओवर में 24 रन देकर एक विकेट लिया। उनकी गेंदबाजी की बदौलत अफगानिस्तान ने पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किए गए यूएई को 20 ओवर में 9 विकेट पर 160 रन पर रोक दिया।27 वर्षीय राशिद ने पारी के 16वें ओवर में मोहम्मद अरफान को हिट-विकेट कराकर अपना 700वां विकेट पूरा किया।अरफान रिवर्स स्वीप खेलने की कोशिश में अपना संतुलन खो बैठे और बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए।टी-20 प्रारूप में विकेटों के मामले में राशिद खान अन्य सभी गेंदबाजों से काफी आगे हैं। दूसरे स्थान पर वेस्टइंडीज के पूर्व हरफनमौला ड्वेन ब्रावो हैं, जिनके नाम 631 विकेट दर्ज हैं। सक्रिय खिलाड़ियों में सुनील नरेन 613 विकेट के साथ तीसरे स्थान पर हैं।राशिद खान टी-2० अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भी सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। उनके नाम 191 विकेट दर्ज हैं। इस सूची में दूसरे स्थान पर न्यूजीलैंड के पूर्व तेज गेंदबाज टिम साउथी (164 विकेट) हैं, जबकि तीसरे स्थान पर उनके हमवतन ईश सोढ़ी (162 विकेट) काबिज हैं। ईश सोढ़ी इस टूर्नामेंट में न्यूजीलैंड टीम का हिस्सा हैं।मैच की बात करें, तो अफगानिस्तान को सुपर-8 की दौड़ में बने रहने के लिए 161 रन का लक्ष्य हासिल करना था। अफगानिस्तान की ओर से अजमतुल्लाह ओमरजई ने शानदार गेंदबाजी करते हुए चार ओवर में 15 रन देकर चार विकेट चटकाए। मुजीब उर रहमान ने भी दो विकेट अपने नाम किए। यूएई की ओर से अलीशान शराफू ने 31 गेंदों में 4० रन बनाए, जबकि सोहैब खान ने 48 गेंदों में 68 रन की पारी खेली।जवाब में 161 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी अफगानी टीम ने 19.2 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर हासिल कर लिया।अफगानिस्तान का अंतिम ग्रुप मुकाबला कनाडा के खिलाफ गुरुवार को चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेला जाएगा।