खेल

टी2० विश्वकप 2०26 : भारत की नामीबिया पर 93 रन से ऐतिहासिक जीत, वरुण-ईशान-हार्दिक रहे हीरो

नई दिल्ली,अंग भारत। टी2० वर्ल्ड कप 2०26 में टीम इंडिया ने नामीबिया को 93 रन से हराकर इतिहास रच दिया। दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए ग्रुप मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 2० ओवर में 2०9 रन बनाए, जिसके जवाब में नामीबिया की पूरी टीम 18.2 ओवर में 116 रन पर सिमट गई। रनों के लिहाज से यह टी2० वर्ल्ड कप इतिहास में भारत की सबसे बड़ी जीत है।भारत की जीत के सूत्रधार रहे रिस्ट स्पिनर वरुण चक्रवर्ती, जिन्होंने सिर्फ 2 ओवर में 7 रन देकर 3 विकेट झटके और नामीबिया के मिडिल ऑर्डर की कमर तोड़ दी। भारत के सभी गेंदबाजों ने कम से कम एक विकेट लेकर जीत में योगदान दिया।नामीबिया ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी, लेकिन भारतीय बल्लेबाजों ने आक्रामक शुरुआत की। संजू सैमसन ने 8 गेंदों पर 22 रन बनाए, जबकि ईशान किशन ने सिर्फ 24 गेंदों में 61 रन ठोक दिए। उन्होंने मात्र 2० गेंदों में अर्धशतक पूरा कर नामीबियाई गेंदबाजों पर दबाव बना दिया।हार्दिक पांड्या ने भी 28 गेंदों पर 52 रन की तेज पारी खेलकर भारत को 2०० के पार पहुंचाया। पावरप्ले में ही भारत ने 86 रन जोड़ लिए थे और 7 ओवर से पहले 1०० रन पूरे कर लिए थे।हालांकि डेथ ओवरों में नामीबिया ने जोरदार वापसी की। कप्तान जेरहार्ड इरासमस ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट लिए और आखिरी 11 गेंदों में भारत के 5 विकेट गिर गए। अंतिम 4 ओवर में भारत सिर्फ 25 रन ही जोड़ पाया।2०9 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए नामीबिया ने तेज शुरुआत की। पावरप्ले में टीम ने 57 रन बना लिए थे। जान फ्रायलिक और लौरें स्टीनकैंप ने आक्रामक शॉट लगाए, लेकिन वरुण चक्रवर्ती ने आठवें ओवर में मैच का रुख पलट दिया। उनकी गुगली ने स्टीनकैंप को बोल्ड कर दिया।इसके बाद नियमित अंतराल पर विकेट गिरते रहे। अक्षर पटेल और जसप्रीत बुमराह ने भी अहम विकेट चटकाए। अंतत: नामीबिया की टीम 116 रन पर ढेर हो गई।