झारखंड

दुमका में 360 बोतल अवैध अंग्रेजी शराब की बोतल के साथ एक आरोपित गिरफ्तार

दुमका,अंग भारत। जिले के सीमावर्ती क्षेत्र में शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत हंसडीहा पुलिस को गुरुवार को बड़ी सफलता हाथ लगी है। वाहन जांच के दौरान एक कार से भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब बरामद करते हुए पुलिस एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने शराब, मोबाइल फोन और फर्जी नंबर प्लेट जब्त कर मामला दर्ज करते हुए युवक को जेल भेज दिया है।गिरफ्तार युवक गोड्डा जिले के देवडांढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत खरखछीया गांव निवासी मो महबूब अंसारी है। मामले में थाना प्रभारी अजीत यादव ने बताया कि दोपहर में वरीय पदाधिकारी को गुप्त सूचना मिली कि दुमका की ओर से एक हुंडई 10 कार में अवैध अंग्रेजी शराब छुपाकर बिहार ले जाया जा रहा है। सूचना का सनहा दर्ज कर थाना पुलिस सशस्त्र बल के साथ हंसडीहा-गोड्डा मुख्य मार्ग स्थित रेलवे फाटक के समीप सघन वाहन जांच शुरू की गई। कुछ देर बाद हंसडीहा की ओर से आती एक सफ़ेद रंग की कार को रोकने का इशारा किया गया। पुलिस को देखते ही चालक वाहन खड़ा कर भागने लगा, लेकिन जवानों ने उसे दौड़ाकर पकड़ लिया।इसके बाद वाहन की विधिवत तलाशी ली गई। जिसमें सीट और डिक्की के अंदर छुपाकर रखी गई अंग्रेजी शराब की बड़ी खेप बरामद हुई। कुल 360 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद की गई। इसके अतिरिक्त एक मोटोरोला कंपनी का मोबाइल फोन और एक फर्जी नंबर प्लेट भी जब्त किया गया। पुलिस ने बताया कि बिहार में लागू शराबबंदी को देखते हुए सीमावर्ती इलाकों में लगातार विशेष वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है और आगे भी इस प्रकार की कार्रवाई जारी रहेगी। इस संबंध में हंसडीहा थाना में मामला दर्ज कर आरोपित युवक को गिरफ्तार कर जेल आगे की कार्रवाई करते हुए पूरे नेटवर्क और शराब के स्रोत की भी जांच कर रही है।