पत्नी – बच्चों के सामने दिनदहाड़े हुई कारोबारी की हत्या के मामले में तीन बदमाश गिरफ्तार, एक के पैर में लगी गोली
नोएडा,अंग भारत। उत्तर प्रदेश के नोयडा में थाना ईकोटेक- प्रथम क्षेत्र के लुक्सर गांव में कानून और व्यवस्था को शर्मसार करते हुए पत्नी और बच्चों के सामने दिनदहाड़े हुई कारोबारी की हत्या के मामले में पुलिस ने मंगलवार की देर रात को एक मुठभेड़ के दौरान एक बदमाश को गिरफ्तार किया है। पुलिस द्बारा चलाई गई गोली उसके पैर में लगी है। इसके दो अन्य साथियों को पुलिस ने कांबिग के दौरान गिरफ्तार किया। उनके पास से पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त अवैध हथियार बरामद किया है।अपर पुलिस उपायुक्त (जोन तृतीय) सुधीर कुमार ने बताया कि मंगलवार की देर रात को थाना ईकोटेक- प्रथम पुलिस को सूचना मिली कि मंगलवार दोपहर को दिनदहाड़े हुई कारोबारी नितिन नागर की हत्या में वांछित बदमाश ग्राम पुआरी के पास से गुजर रहे हैं। उन्होंने बताया कि सूचना के आधार पर पुलिस की टीम ने बदमाशों को घेर लिया। अपने आपको पुलिस से घिरा हुआ देख बदमाशों ने पुलिस पार्टी पर जान से मारने की नीयत से गोली चलाई। पुलिस द्बारा चलाई गई गोली एक बदमाश मोनू पुत्र सुखबीर निवासी ग्राम लुक्सर के पैर में लगी है। इसके दो अन्य साथियों राजेश व नितिन को पुलिस ने कांबिग के दौरान गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार बदमाशों मे मोनू व नितिन गांव लुक्सर के है ,जबकि राजेश घघोला गांव का रहने वाला है। इस मामले में नामित अन्य बदमाशों की पुलिस तलाश कर रही है।जांच के दौरान पुलिस को पता चला है कि वर्ष 2०24 के 17 अगस्त को लुक्सर गांव के रहने वाले ठेकेदार विनय सिह की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। तब जांच में पुलिस को पता चला था कि मृतक नितिन नागर ने ही फोन करके विनय को बुलाया था। उसके बाद वह अपने साथियों के साथ कार मे सवार होकर मौके पर पहुंचा तथा उसके साथ ही शेखर, आकाश, जागन,सुंदर आदि ने विनय की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस मामले में थाना कासना पुलिस ने सुंदर नागर को मुठभेड़ के दौरान 19 अगस्त 2०24 को गिरफ्तार किया था, जबकि 21 अगस्त 2०24 को दिल्ली पुलिस ने मृतक नितिन नागर, शेखर और आकाश को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में नितिन ने बताया था कि विनय ठेकेदार उसका बचपन का दोस्त था। उसने उसकी हत्या की साजिश रची थी। इस हत्या में गिरफ्तार नितिन नागर रक्षाबंधन पर जमानत पर जेल से बाहर आया था। मृतक के परिजनों का कहना है कि जब से नितिन जेल से बाहर आया था, तभी से उसे जान से मारने की धमकी मिल रही थी। नितिन के जेल से बाहर आने के बाद आरोपियों ने दो बार उसके ऊपर हमला करने का प्रयास किया। नितिन के पिता की करीब 6 माह पूर्व मौत हो गई थी। नितिन अपने पिता का इकलौता बेटा था।अपर पुलिस उपायुक्त ने बताया कि मंगलवार दोपहर को कारोबारी नितिन नागर (28 वर्ष) को उसके गांव लुक्सर में ही कुछ लोगों ने घेर कर अंधाधुंध गोली मार दी थी। उसके बाद उसकी छाती पर बैठकर उसका गला रेत दिया। जब यह वारदात हो रही थी तब उसकी पत्नी और बच्चे उसे बचाने के लिए आए तो बदमाशों ने हवा में पिस्तौल लहराते हुए उन्हें धमकी दी। मृतक की पत्नी ईट उठाकर बदमाशों की तरफ भागी। गंभीर रूप से घायल नितिन को उपचार के लिए ग्रेटर नोएडा के कैलाश अस्पताल में भर्ती करवाया गया जहां पर उसकी मौत हो गई। उन्होंने बताया कि इस घटना के खुलासे के लिए पुलिस की तीन टीमें लगाई गई थी। इस घटना को लेकर लोगों ने कैलाश अस्पताल में पहुंचकर पुलिस के खिलाफ आक्रोश व्यक्त किया था। मृतक पानी का आरो प्लांट और ई- रिक्शा की एजेंसी चलाता था। वह मंगलवार को गांव के ही रहने वाले अपने एक दोस्त के पास गया था। वहां से लौटते समय यह घटना हुई। इस घटना में सचिन सहित कई आरोपी अभी फरार हैं। बताया जाता है कि एक आरोपी ने खुद को बचाने के लिए अपने ऊपर स्वंय धारदार हथियार से हमला कर दिया था। उसे ग्रेटर नोएडा के अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। वहां पर उसका ऑपरेशन हुआ है। पुलिस की टीमें उसपर भी नजर रखे हुए हैं। इस घटना की एक वीडियो सोशल मीडिया पर भी कल से जमकर वायरल हो रही है।

Mohan Milan