पुलिस जांच में बच्चा चोरी की अफवाह निकली झूठी, विक्षिप्त महिला परिजनों को सौंपी गई
बौंसी/बांका/अंगभारत:- बच्चा चोरी की आशंका में पकड़ी गई महिला के मामले में अब बड़ा अपडेट सामने आया है। पुलिस जांच में बच्चा चोरी की पुष्टि नहीं हुई है, बल्कि महिला को मानसिक रूप से अस्वस्थ पाया गया है। मामले को लेकर बाराहाट थाना के थानाध्यक्ष अशोक कुमार ने स्पष्ट किया है कि पूरे प्रकरण की सभी पहलुओं से जांच की गई। प्रारंभिक जांच में बच्चा चोरी की कोई पुष्टि नहीं हुई। जांच के दौरान पता चला कि महिला, जिसका नाम रानी बताया जा रहा है, मानसिक रूप से विक्षिप्त है। पुलिस ने आवश्यक बाउंड भरवाकर महिला को उसके परिजनों के हवाले कर दिया है। इस मामले में कोई प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई है। थानाध्यक्ष ने कहा कि अफवाहों के आधार पर किसी निष्कर्ष पर पहुंचना उचित नहीं है, इसलिए पुलिस ने तथ्यों की गहराई से जांच की। गौरतलब है कि पिछले कुछ दिनों से बांका जिले के विभिन्न इलाकों में बच्चा चोरी की अफवाहें फैल रही हैं, जिससे लोगों में दहशत का माहौल है। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध स्थिति में कानून को अपने हाथ में न लें और तुरंत स्थानीय पुलिस को सूचना दें। ग्रामीण राजेश कुमार ने बताया कि एक अज्ञात महिला घर में घुसकर बच्चे को बिस्किट खिला रही थी। जब शोर मचाया गया तो महिला वहां से भागने लगी। इसके बाद गांव के लोगों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। फिलहाल पुलिस ने साफ कर दिया है कि यह बच्चा चोरी का मामला नहीं है। अफवाहों के दौर में सतर्कता जरूरी है, लेकिन साथ ही कानून और मानवता दोनों का संतुलन बनाए रखना भी उतना ही आवश्यक है।

Mohan Milan