राष्ट्रीय

बेंगलुरु के होसकोटे में हुए सड़क हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर हुई सात

बेंगलुरु,अंग भारत। बेंगलुरु के बाहरी क्षेत्र में स्थित होसकोटे तालुक के एम. सत्यवर गांव के निकट शुक्रवार सुबह हुए सड़क हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर सात हो गई है।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, होसकोटे से देवनहल्ली की ओर तेज रफ्तार से जा रही एक एक्सयूवी कार ने पहले एक मोटरसाइकिल को टक्कर मारी। टक्कर के बाद वाहन अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराया और फिर सामने से आ रहे कैंटर से भिड़ गया। हादसा इतना भीषण था कि वाहन के परखच्चे उड़ गए और घटनास्थल पर ही उसमें सवार छह लोगों की मौत हो गई, जबकि बाद में एक अन्य घायल ने दम तोड़ दिया, जिससे मृतकों की संख्या सात हो गई है।कार में सवार मृतकों की पहचान अश्विन, अयान अली, भरत, अरहान, इतन जॉर्ज और गगन के रूप में हुई है।पुलिस के अनुसार, वाहन में सवार सभी युवक छात्र थे और उनके नाबालिग होने की भी आशंका जताई जा रही है। परिजनों ने बताया कि वे आर.वी. कॉलेज और सीएमआर कॉलेज में अध्ययनरत थे। सभी मृतक बेंगलुरु के कोत्तनूर क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।दुर्घटना की सूचना मिलते ही सूलिबेले पुलिस थाना की टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और राहत एवं जांच कार्य शुरू किया। इस दौरान पुलिस महानिरीक्षक (आईजीपी) लाभूराम भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।पुलिस ने इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर ली है और मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है। पुलिस दुर्घटना के सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है।