बिहार

लोगों को शुद्ध पानी निरंतर उपलब्ध कराते रहें, इसमें किसी प्रकार की कोई रुकावट न हो : नीतीश कुमार

मुख्यमंत्री ने गंगाजी राजगृह जलाशय का किया निरीक्षण, मलमास मेला-2०26 की तैयारियों को लेकर दिए निर्देश

पटना,अंग भारत। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शनिवार को नवादा जिले के नारदीगंज अंचल स्थित मोतनाजे ग्राम के पास अवस्थित गंगाजी राजगृह जलाशय का निरीक्षण किया। उन्होंने जलाशय परिसर का भ्रमण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि गंगाजी जल आपूर्ति योजना के तहत गयाजी, बोधगया, नवादा और राजगीर में लोगों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि शुद्ध पानी की आपूर्ति निरंतर जारी रहे और इसमें किसी प्रकार की बाधा न आने पाए, इसका विशेष ध्यान रखना है। साथ ही जलाशय परिसर को स्वच्छ, व्यवस्थित और पर्यावरण के अनुकूल बनाए रखने पर जोर दिया।इसके बाद मुख्यमंत्री ने नालंदा जिले के राजगीर स्थित गृद्धकूट भवन का निरीक्षण किया और वहां की व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने गृद्धकूट भवन से होते हुए नए रोप-वे का भी अवलोकन किया तथा पर्यटकों को उपलब्ध सुविधाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सभी व्यवस्थाएं सुचारु रूप से संचालित हों, ताकि पर्यटकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।मुख्यमंत्री ने इसके पश्चात राजगीर इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर में मलमास मेला-2०26 की तैयारियों की समीक्षा की। नालंदा के जिलाधिकारी कुंदन कुमार ने उन्हें तैयारियों की विस्तृत जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने इस मौके पर निर्देश दिया कि मलमास मेला-2०26 की तैयारियां समयबद्ध और व्यापक स्तर पर की जाएं, क्योंकि इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं।उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं के लिए आवासन, पेयजल, स्वच्छता, चिकित्सा, सुरक्षा और अन्य बुनियादी सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। घाटों की साफ-सफाई, आवागमन के मार्गों की मरम्मत तथा यातायात प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश भी दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस बार भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आने की संभावना है, इसलिए सभी आवश्यक तैयारियां पूर्व से ही पूरी कर ली जाएं।मुख्यमंत्री ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सख्त निर्देश देते हुए कहा कि प्रशिक्षित पुलिस बलों की पर्याप्त तैनाती मेला परिसर में की जाए, ताकि स्थिति नियंत्रित रहे और श्रद्धालु सुरक्षित महसूस करें।निरीक्षण के दौरान राज्य के ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार, सांसद कौशलेंद्र कुमार, विधायक कृष्ण मुरारी शरण उर्फ प्रेम मुखिया, विधायक कौशल किशोर सहित अन्य जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।