वार्ड-23 में सभापति ने किया दो योजनाओं का उद्घाटन
सन्हौली में कुएं का जीर्णोद्धार और गुलशन स्पोर्ट्स गली में सड़क-नाला निर्माण से ग्रामीणों को मिलेगी राहत
खगड़िया/अंग भारत| गुरुवार को वार्ड संख्या-23 में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए दो महत्वपूर्ण विकास योजनाओं का विधिवत उद्घाटन किया गया। सभापति ने फीता काटकर योजनाओं को जनता को समर्पित किया, जिससे स्थानीय लोगों में भारी उत्साह देखा गया।सभापति ने सबसे पहले सन्हौली स्थित दुर्गा मंदिर प्रांगण में 3,00,200रुपये की लागत से हुए कुएं के जीर्णोद्धार कार्य का लोकार्पण किया।लंबे समय से उपेक्षित इस कुएं के सुदृढ़ीकरण से अब मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं और स्थानीय ग्रामीणों को स्वच्छ जल की सुविधा मिलेगी।धार्मिक स्थल पर जल की उपलब्धता से पर्व-त्योहारों के दौरान होने वाली परेशानी दूर होगी।वहीं लाडो वेटनरी के पास, गुलशन स्पोर्ट्स वाली गली में 4,00,400 रुपये की लागत से आरसीसी नाला और सड़क निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया।इस गली में लंबे समय से जलजमाव की समस्या थी। अब नाला बनने से गंदे पानी की निकासी होगी और पक्की सड़क से मोहल्ले के लोगों का सफर आसान होगा। खासकर मानसून के दौरान होने वाली कीचड़ और जलभराव की समस्या अब बीते दिनों की बात हो जाएगी।वहीं नगर सभापति अर्चना कुमारी ने कहा कि नगर परिषद का उद्देश्य केवल फाइलें आगे बढ़ाना नहीं, बल्कि धरातल पर बदलाव लाना है। वार्ड-23 सहित पूरे नगर परिषद क्षेत्र में सड़क, नाला और शुद्ध पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं को हम प्राथमिकता दे रहे हैं ताकि आम नागरिकों का जीवन स्तर बेहतर हो सके।इस मौके पर वार्ड पार्षद बबलू कुमार, श्रवण कुमार, वार्ड पार्षद प्रतिनिधि राजकिशोर चौरसिया, विक्की सिंह, ऋषि रंजन, ममता देवी, अन्नू देवी, पूनम देवी और मासूम कुमारी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित थे।

Mohan Milan