बिहार

विद्यापुरी में गैस सिलेंडर से लगी आग, 45 हजार नकद सहित घर का सामान जलकर खाक

सुपौल,अंग भारत। जिला मुख्यालय स्थित विद्यापुरी मोहल्ला में शनिवार को खाना बनाने के दौरान गैस सिलेंडर से अचानक आग लग जाने से एक आवासीय घर में भीषण अग्निकांड हो गया। इस हादसे में घर में रखे लगभग 45 हजार रुपये नकद समेत घरेलू उपयोग का अधिकांश सामान जलकर राख हो गया।मोहल्ला निवासी अशोक मंडल के घर में रसोई के दौरान गैस सिलेंडर से आग भड़क गई। देखते ही देखते आग ने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें उठती देख आसपास के लोगों में अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए आग बुझाने का प्रयास शुरू किया और तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी।सूचना मिलते ही दो दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों और मोहल्ले के लोगों के संयुक्त प्रयास से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। हालांकि तब तक घर का अधिकांश सामान जल चुका था।घटना की सूचना पर नगर परिषद के मुख्य पार्षद राघवेंद्र झा, संबंधित वार्ड पार्षद तथा अन्य स्थानीय प्रतिनिधि मौके पर पहुंचे और क्षति का आकलन किया। उन्होंने पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता दिलाने का आश्वासन दिया।अग्निकांड के बाद पीड़ित परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से उचित मुआवजा और राहत सामग्री उपलब्ध कराने की मांग की है।