विश्वकर्मा टोला बजरंगबली मंदिर में अखंड संकीर्तन को लेकर निकली भव्य कलश शोभा यात्रा
फुल्लीडुमर/बांका/अंगभारत। प्रखंड के खेसर बाजार स्थित विश्वकर्मा टोला बजरंगबली मंदिर में आयोजित एक दिवसीय अखंड रामनाम संकीर्तन के अवसर पर भव्य कलश शोभा यात्रा निकाली गई। शोभा यात्रा में श्रद्धालु महिलाओं व युवतियों ने पारंपरिक वेशभूषा में सिर पर कलश धारण कर उत्साहपूर्वक भाग लिया। बाजे-गाजे और जयघोष के बीच शोभा यात्रा संकीर्तन स्थल से प्रारंभ होकर भूतनाथ मंदिर कूप पहुंची, जहां वैदिक मंत्रोच्चार के साथ कलश में जल भरा गया। इसके बाद यात्रा खेसर बाजार के शीतला स्थान, विश्वकर्मा टोला काली स्थान होते हुए पुनः बजरंगबली मंदिर स्थित संकीर्तन स्थल पहुंची। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं द्वारा फूल-वर्षा कर शोभा यात्रा का स्वागत किया गया, जिससे वातावरण भक्तिमय बना रहा। संकीर्तन स्थल पर पहुंचने के बाद विधिवत पूजा-अर्चना के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई तथा श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया। आयोजन को सफल बनाने में कैलाश शर्मा, दिवाकर शर्मा, अमित शर्मा, चंदन शर्मा, कुंदन शर्मा, सुदीन शर्मा, राजेश शर्मा एवं विकास शर्मा सहित अन्य ग्रामीणों ने सक्रिय सहयोग किया।

Mohan Milan