बिहार

सिमराहा गोलीकांड का सफल उद्भेदन,संलिप्त तीन अभियुक्त गिरफ्तार

सहरसा,अंग भारत|  सदर थाना क्षेत्र के सिमराहा मोहल्ले में 18 फरवरी को हुई 13 वर्षीय छात्र अंकित की गोली मारकर हत्या मामले में पुलिस ने सफल उद्भेदन किया है। घटना में शामिल विरोधी परिवार के तीन सगे भाइयों संतोष ठाकुर, मंतोष ठाकुर और पवन ठाकुर उर्फ पवन कुमार को गिरफ्तार किया गया है। एसपी हिमांशु ने बताया कि जमीन पर रास्ता को लेकर दो परिवार के बीच विवाद था। इसी विवाद में विरोधी परिवार के संतोष ठाकुर, मंतोष ठाकुर और पवन ठाकुर उर्फ पवन कुमार ने मिलकर उक्त घटना को अंजाम दिया था। पुलिस ने बताया कि घटना में प्रयुक्त बाइक, पहना हुआ कपड़ा और अन्य कई साक्ष्य बरामद हुए हैं। गिरफ्तार अभियुक्तों का पूर्व से आपराधिक इतिहास है। उनके ऊपर सदर थाना में कई मामले दर्ज हैं, जिनमें सदर थाना कांड संख्या – 465/18, 340/20 और सोनवर्षा राज(काशनगर) थाना कांड थाना कांड संख्या – 283/22 शामिल हैं। एसपी ने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए एसआईटी टीम का गठन किया गया था। टीम में सदर एसडीपीओ आलोक कुमार, साइबर डीएसपी सह थानाध्यक्ष अजीत कुमार, सदर थानाध्यक्ष सुबोध कुमार, टीओपी – 1 प्रभारी जितेंद्र ठाकुर, टीओपी – 2 प्रभारी सनोज वर्मा, पुलिस अवर निरीक्षक प्रीति कुमारी, रौशन कुमार, जिला आसूचना इकाई के पुलिस पदाधिकारी और सदर थाना पुलिस बल शामिल थे। टीम ने सीसीटीवी फुटेज और चश्मदीद व्यक्तियों से पूछताछ कर अभियुक्तों की पहचान की। गिरफ्तार अभियुक्तों के निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त बाइक और कपड़े बरामद किए गए हैं। पुलिस ने बताया कि दो अन्य अभियुक्त अभी भी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए छापामारी अभियान चल रहा है। फरार अभियुक्तों के विरुद्ध इनाम भी घोषित किया जाएगा। पुलिस टीम को पुरस्कृत किया जाएगा।