सिविल सर्जन ने लोकहा व बरेल एपीएचसी का किया निरीक्षण, स्वास्थ्य सेवाओं की परखी व्यवस्था
सुपौल,अंग भारत। सुपौल के सिविल सर्जन द्वारा बुधवार को अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, लोकहा एवं बरेल का औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान अस्पताल में संचालित विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।निरीक्षण के क्रम में रजिस्ट्रेशन काउंटर एवं ओपीडी की व्यवस्था की जांच की गई। मरीजों की उपस्थिति, चिकित्सकों की उपलब्धता तथा इलाज की प्रक्रिया का जायजा लिया गया। साथ ही दवा वितरण केंद्र में उपलब्ध दवाओं एवं वितरण पद्धति की भी जांच की गई।सिविल सर्जन ने लैब, इमरजेंसी सेवा एवं लेबर रूम का भी निरीक्षण किया। जांच उपकरणों की स्थिति, आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता एवं अभिलेखों के संधारण की समीक्षा की गई। संबंधित कर्मियों को सेवाओं में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए गए।अस्पताल परिसर की साफ-सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान देते हुए स्वच्छ वातावरण बनाए रखने का निर्देश दिया गया। सिविल सर्जन ने कहा कि मरीजों को गुणवत्तापूर्ण एवं समय पर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है तथा नियमित मॉनिटरिंग के माध्यम से व्यवस्था को सुदृढ़ किया जाएगा।

Mohan Milan