16 वर्षीय किशोरी का फंदे से लटका मिला शव, क्षेत्र में सनसनी
सोशल मीडिया विवाद और प्रेम प्रसंग की चर्चा, परिजनों ने मामले को बताया संदिग्ध, जांच की मांग
बनमा ईटहरी (सहरसा),अंग भारत। थाना क्षेत्र अंतर्गत हराहरी गांव वार्ड संख्या 17 में रविवार की सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक 16 वर्षीय किशोरी का शव उसके घर में फंदे से लटका हुआ मिला। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई और परिजनों में कोहराम मच गया। मृतका की पहचान पार्वती कुमारी पिता – महेश्वरी मंडल के रूप में हुई है। वह पढ़ाई कर रही थी और परिवार की सबसे छोटी संतान बताई जा रही है। परिवार में छह बहन और तीन भाई हैं। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और दहशत का माहौल है।परिजनों के अनुसार, पड़ोस में रहने वाले एक युवक द्वारा सोशल मीडिया पर किशोरी की तस्वीर स्टेटस पर लगाने को लेकर कुछ दिन पहले विवाद हुआ था। इस घटना के बाद से वह मानसिक रूप से परेशान बताई जा रही थी। परिजनों का कहना है कि मामला संदिग्ध प्रतीत होता है और इसकी गहन जांच होनी चाहिए। स्थानीय स्तर पर लोग घटना को प्रेम प्रसंग से जोड़कर भी देख रहे हैं, हालांकि इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। घटना शनिवार की बताई जा रही है। मृतका के पिता मजदूरी करते हैं और वर्तमान में बाहर रहकर काम करते हैं, जबकि परिवार की आर्थिक स्थिति भी कमजोर बताई जा रही है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना मिलते ही बनमा ईटहरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं सोशल मीडिया विवाद, पारिवारिक स्थिति और अन्य संभावित कारणों की जांच की जा रही है।पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। फिलहाल मामले को लेकर गांव और आसपास के इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं, जबकि परिजन निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

Mohan Milan