शहर के मिलिट्री ग्रांउड से आज निकाली जाएगी रामनवमी शोभा यात्रा, तैयारी हुई पूरी
बांका,अंगभारत। राम नवमी शोभा यात्रा लेकर सारी तैयारी पूरी कर ली गयी है। वहीं श्रद्धालुओं में भी शोभा यात्रा निकालने को लेकर उत्साह चरम सीमा पर है। प्रशासनिक स्तर पर बांका शहर के चांदन नदी स्थित मिलिट्री ग्राउंड से रविवार की दोपहर 2 बजे से देर संध्या 7 बजे तक राम नवमी यात्रा निकालने की अनुमति प्रदान की गयी है। वहीं 1 बजे दिन से रात 8 बजे तक विद्युत विभाग द्बारा जुलूस के मद्देनजर विद्युति आपूर्ति बंद कर दी जाएगी। जुलूस को हर हाल में तय रूट के अनुसार ही भ्रमण करने का निर्देश दिया गया है। पूजा की सफलता को लेकर बांका के डीएम अंशुल कुमार व एसपी उपेन्द्रनाथ वर्मा ने संयुक्त आदेश जारी किया है। वहीं राम नवमी व चैती दुर्गा पूजा को लेकर बांका जिले भर में कई जगहों पर दण्डाधिकारी व पुलिस पदाधिकारी की तैनाती की गयी है। इसके अतिरिक्त अनुमंडल कार्यालय बांका में नियंत्रण कक्ष की स्थापना की गयी है। जिस मार्ग से होकर राम नवमी जुलूस गुजरेगी, यातायात पुलिस द्बारा उस दौरान उक्त मार्ग पर वाहनों के प्रवेश पर रोक लगा दी जाएगी।इधर रामनवमी पर्व को लेकर एसडीपीओ विपिन बिहारी के नेतृत्व में शहर में फ्लैग मार्च भी निकाला गया। इस दौरान रामनवमी पर्व को आपसी भाईचारे के साथ मनाने की अपील की गई। फ्लैग मार्च में थानाध्यक्ष राकेश कुमार, बीडीओ चंदन कुमार, सीओ प्रिंयका कुमारी सहित अन्य पुलिस बल शामिल थे। राम नवमी जुलूस के निकलने के बाद ही उक्त मार्ग पर यातायात बहाल किया जाएगा। रामनवमी शोभा यात्रा मिलिट्री ग्राउंड से दिन के 2 बजे निकलेगी। जो शास्त्री चौक मोड़ करहरिया होते हुए शिवाजी चौंक होते हुए पुरानी ठाकुरबाड़ी होते हुए आजाद चौक पहुंचेगी। उसके बाद आजाद चौंक होते हुए नेहरू कॉलोनी से डीएम कोठी चौक होते विजयनगर हड़ियासी मोड़ से गांधी चौक से शिवाजी चौह होते हुए पुन मिलिट्री ग्राउंड परिसर वापस लौटेगी। रामनवमी शोभा यात्रा में 1० से 12 हजार श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। शोभा यात्रा निकालने के लिए जिला प्रशासन के द्बारा लाइसेंस भी जारी किया गया है। रामनवमी शोभा यात्रा को लेकर शहर में करीब 7 घंटे बिजली गुल रहने वाली है। शोभा यात्रा शहर के कई मार्गों से निकलने को लेकर सुरक्षा के दृष्टिकोण से शहरी इलाकों में विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी।