आपका शहर आपकी बात कार्यक्रम में पदाधिकारी प्रतिनिधि और वार्ड की जनता ने किया शिरकत
पूर्णिया, अंग भारत। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा कल मंगलवार को आपका शहर आपकी बात कार्यक्रम का डिजिटल उद्घाटन किया गया। पूर्व से निर्धारित कार्यक्रम आपका शहर आपकी बात कार्यक्रम के अनुसार पूर्णिया जिले में भी पूर्णिया नगर निगम कार्यालय परिसर में जिलाधिकारी, महापौर, उप महापौर, नगर आयुक्त, सहित विभिन्न वार्डों के वार्ड सदस्य और आम नागरिकों ने सम्मिलित होकर कार्यक्रम की जानकारी हासिल किया।
डिजिटल माध्यम से माननीय मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के द्वारा आपका शहर आपकी बात कार्यक्रम का उद्घाटन करने के बाद पूर्णिया नगर निगम नगर निगम परिसर में उपस्थित पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, और वार्ड सदस्यों सहित वार्ड से आए लोगों ने इस कार्यक्रम की जानकारी डिजिटल माध्यम से पहले प्राप्त किया। इसके पश्चात पूर्णिया नगर निगम परिसर में आयोजित इस जनोपयोगी कार्यक्रम में मौजूद जिला पदाधिकारी, पूर्णिया, सहित अन्य पदाधिकारी एवं जन प्रतिनिधियों ने इस कार्यक्रम की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने की बात कही ताकि हर जरूरतमंदों को इसका लाभ मिल सके।
मौके पर मौजूद पूर्णिया नगर निगम के नगर आयुक्त कुमार मंगलम ने अपने संबोधन में कहा कि पूर्णिया नगर निगम क्षेत्र के कुल 47 वार्ड में से 36 पुराने वार्ड हैं जबकि 11 वार्ड नया है। इन तमाम वार्डों में पूर्णिया नगर निगम के पदाधिकारी एवं कर्मी प्रत्येक वार्ड में जाकर आम लोगों से मिलेगा और वार्डों की समस्या की जानकारी लेंगे तथा उसके विकास और समाधान की दिशा में कार्य करेंगे। इस कार्यक्रम के उद्देश्य को अमल करते हुए आने वाले दिनों में उसका समाधान भी नगर निगम पूर्णिया के द्वारा किया जाएगा। नगर आयुक्त ने कार्यक्रम में उपस्थित विभिन्न वार्डों से आए हुए लोगों का अभिनंदन करते हुए कहा कि यदि आप अपने वार्डों से जुड़ी समस्या लेकर आए हैं तो उसे अभी से बताना शुरू कर दें ताकि यहां बैठे कर्मचारी और पदाधिकारी उसे अपने संज्ञान में लेंगे। क्योंकि आज से ही इस कार्यक्रम की शुरुआत कर दी गई है।
इसके बाद पूर्णिया नगर निगम की महापौर विभा कुमारी ने अपने वक्तव्य में कहा कि नगर निगम में शामिल नया वार्ड पंचायत से कटकर आया है, इसलिए इन वार्डो में विकास का कार्य कम हुआ है, जिसे पूरा करने की कोशिश की जाएगी। नगर निगम की टीम आपके वार्ड में पहुंचेगी तो आप अपनी समस्या को निः संकोच होकर बताएंगे ताकि समाधान हो सके और वार्ड का विकास तीव्र गति से हो पाएगा।
मौके पर मौजूद उप महापौर पल्लवी गुप्ता ने वार्ड से आए आम जनों का अभिवादन करते हुए कहा कि माननीय मुख्यमंत्री के इस जन उपयोगी कार्यक्रम से वार्ड का विकास तीव्र गति से होगा जिसमें आपका सहयोग भी वांछनीय है।