हॉकी इंडिया मास्टर्स कप 2025 का चेन्नई में 18 जून से होगा आगाज, 27 तक होंगे मुकाबले
नई दिल्ली, अंग भारत। हॉकी इंडिया ने शुक्रवार को हॉकी इंडिया मास्टर्स कप 2025 (पुरुष एवं महिला वर्ग) के पहले संस्करण की तारीख और वेन्यू की आधिकारिक घोषणा कर दी है। इस ऐतिहासिक टूर्नामेंट की मेज़बानी तमिलनाडु हॉकी यूनिट करेगी और मुकाबले चेन्नई में 18 जून से 27 जून 2025 तक खेले जाएंगे।यह टूर्नामेंट भारतीय हॉकी में एक नई शुरुआत है, जो अनुभवी और पूर्व खिलाड़ियों के लिए एक समर्पित मंच प्रदान करता है। पुरुषों और महिलाओं, दोनों वर्गों में खेले जाने वाले इस आयोजन के ज़रिए यह दिखाया जाएगा कि उम्र चाहे जो भी हो, खेल के प्रति जुनून और समर्पण कभी खत्म नहीं होता। टूर्नामेंट में भाग लेने के लिए पुरुष खिलाड़ियों की उम्र 40 वर्ष या उससे अधिक, जबकि महिला खिलाड़ियों की उम्र 35 वर्ष या उससे अधिक होना अनिवार्य है।