आपसी रंजिश मे गोली मारकर मजदूर की हत्या
नालंदा,अंगभारत। नालंदा जिले के नालंदा थाना क्षेत्र अंतर्गत कमसपूर गांव में शुक्रवार की सुबह काम पर जा रहे मजदूर की गोलीमार कर हत्या कर दी गयी।अचानक इस घटना से गांव में सनसनी फैल गई। मृतक स्वर्गीय चंदेश्वर गोप का 35 वर्षीय पुत्र सिंकदर यादव है।मृतक के पुत्र संतोष कुमार ने बताया कि शुक्रवार की सुबह वे मजदूरी करने जा रहे थे कि पूर्व से घात लगाये दो बाईक सवार युवक ने पिताजी काे तीन गोली मार दी। गोली लगने के बाद घायल युवक ने शोर मचाया, जिससे परिवार के लोग और परिजन उन्हें तुरंत नालंदा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।संतोष कुमार ने बताया कि लगभग एक साल पहले पड़ोस की एक महिला से कहासुनी के बाद से आरोपित के द्वारा लगातार उनके परिवार को धमकी दे रहा था। दो महीने पहले उनके घर में तंत्र-मंत्र से जुड़ा सामान फेंका गया था और उनके पिता पर हमला भी किया गया था। कई बार जान से मारने की धमकी भी मिली। इस संबंध में थाने में कई बार शिकायत और लिखित आवेदन भी दिए गए लेकिन पुलिस की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।परिजनों ने पुलिस पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है।थाना अध्यक्ष अभिजीत कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आपसी रंजिश की बात सामने आई है। आरोपी गुड्डू यादव फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।