महिला संवाद कार्यक्रम में उभरी नारी शक्ति की नई तस्वीर
सहरसा,अंगभारत| जिले में महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक प्रभावशाली और प्रेरणादायक पहल के रूप में उभरा है। रविवार को जिले भर से आई सैकड़ों महिलाओं ने इस संवाद कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लिया और समाज में सकारात्मक बदलाव की दिशा में अपने विचार और मांगे साझा की।कार्यक्रम में महिलाओं ने अपनी समस्याओं और आकांक्षाओं को खुले मंच पर रखा। वृद्धा और विधवा पेंशन में वृद्धि, बिजली दरों में रियायत, नाली-गली निर्माण और सामुदायिक भवनों की जरूरत जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई। महिलाओं ने स्वरोजगार से जुड़ने, बेटियों की शिक्षा को प्राथमिकता देने और आत्मनिर्भर बनने की अपनी यात्रा को साझा किया। किशोरियों ने पोशाक और साइकिल योजना के लाभों की सराहना की। नवहट्टा प्रखंड की जानशीन प्रवीण ने मखाना, बत्तख और मछली पालन व्यवसाय शुरू करने की इच्छा जताई और इसके लिए प्रशिक्षण व प्रारंभिक पूंजी की जरूरत बताई। वहीं, सुलेखा देवी ने अगरबत्ती निर्माण में सहयोग की मांग की। महिलाओं ने प्रशासन से अनुरोध किया कि इच्छुक महिलाओं को स्वरोजगार के लिए सहायता और मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाए।कार्यक्रम में महिलाओं ने शिक्षा, स्वास्थ्य, कौशल विकास और रोजगार जैसे मुद्दों पर जोर दिया। साथ ही सामाजिक कुरीतियों और असमानताओं के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद की। कई महिलाओं ने अपने अधिकारों के प्रति जागरूकता और समावेशी समाज के निर्माण के लिए प्रतिबद्धता जताते हुए शपथ भी ली। महिला संवाद कार्यक्रम में उभरीं प्रेरणादायक कहानियां यह प्रमाणित करती हैं कि आज की महिलाएं आश्रित नहीं, बल्कि नेतृत्वकर्ता की भूमिका में हैं। महिलाओं ने यह स्पष्ट कर दिया कि समाज और परिवार के विकास में उनकी भागीदारी अनिवार्य है। सहरसा जिले में यह कार्यक्रम न केवल महिलाओं की आत्मनिर्भरता को बढ़ावा दे रहा है, बल्कि उनकी सामाजिक चेतना और नेतृत्व क्षमता को भी नई दिशा दे रहा है। महिला संवाद कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को उनके अधिकारों, सरकारी योजनाओं और विकास की मुख्यधारा से जोड़ना है। यह पहल महिलाओं की भागीदारी और नेतृत्व के माध्यम से समाज में परिवर्तन का सशक्त माध्यम बन रही है।