हिट एंड रन में पत्नी की शव 50 मीटर दूर तो पति का पेंट एक किलोमीटर दूर मिला, शव गायब
सहरसा, अंगभारत| जिले के सौरबाजार थाना क्षेत्र के चकला गांव में मंगलवार की अहले सुबह 5:30 बजे तेज रफ्तार की अज्ञात कार ने सड़क किनारे खड़े दंपती को टक्कर मार दिया। टक्कर इतनी जोड़दार थी की कार में ही दंपत्ति बुरी तरह फंस गए। ऐसे में कार सवार कार को रोक कर उन्हें बचाने के बदले उन्हें कार से ही घसीटते लेकर भाग गई। ऐसे में घटनास्थल से 50 मीटर दूर तक कार महिला को घसीटते हुए ले गई। जहां उसकी लाश क्षत-विक्षत हालत में सड़क पर मिली। लेकिन पुरुष का शव कार में ही फंसा रहा। उनका शव समाचार प्रेषण तक पुलिस द्वारा बरामद नहीं किया जा सका था। हालांकि घटनास्थल से लगभग 1 किलोमीटर की दूरी पर पुरुष का खून से सना हुआ लाल पेंट बरामद हुआ था। हिट एंड रन की घटना में जिले के सौरबाजार थाना क्षेत्र के हनुमान नगर, चकला गांव, वार्ड नंबर – 2 निवासी 55 वर्षीय श्यामा देवी की मौत हो गई थी। जबकि उनके पति 58 वर्षीय भरत राम का शव अभी तक बरामद नहीं हुआ था। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने एनएच – 107 को हनुमान नगर के निकट बांस बल्ली लगा कर लगभग चार घंटे तक जाम रखा। लोग भरत राम के शव की बरामदगी की मांग कर रहे थे। हालांकि सड़क जाम की सूचना पर कई थाना की पुलिस के साथ सदर एसडीपीओ आलोक कुमार पहुंचे। उन्होंने सड़क जाम कर रहे लोगों से शाम के 4 बजे तक का समय मांगा है। जिसके बाद परिजनों ने चेतावनी दी है कि अगर तय समय सीमा में मृतक का शव नहीं मिला। तो वे फिर से सड़क जाम करेंगे। परिजनों ने महिला के शव का पोस्टमॉर्टम कराने से भी इंकार कर दिया। वे लोग पहले पुरुष के गायब शव को लाने का अटीमेटम दिया है। जिसके बाद पति-पत्नी के शव का एक साथ पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा। फिर एक साथ ही अंतिम संस्कार किया जाएगा। मृतक के भाई निर्बुद्धि राम ने बताया कि भाई और भाभी रोज सुबह मॉर्निंग वाक के लिए निकलते थे। मंगलवार की सुबह करीब 5:30 बजे वे लोग टहलकर घर के पास सड़क किनारे खड़े थे। इसी दौरान महेशखुट की ओर से आ रही तेज रफ्तार की अनियंत्रित अज्ञात कार भाई-भाभी को ठोकर मारा। कार में ही दोनों फंस गए। जिन्हें कार सवार घसीटते हुए अपने साथ ले गई। भाभी का शव घटनास्थल से 50 मीटर की दूरी पर पड़ा मिला। लेकिन भाई का शव अब तक लापता है। उन्होंने लाल रंग का पेंट पहन रखा था। उनका फटा पेंट घर से 1 किलोमीटर दूर जीवछपुर गांव के निकट सड़क पर मिला। मृतक के भतीजे शंभू कुमार ने कहा कि जब तक चाचा का शव बरामद नहीं होगा। तब तक पोस्टमॉर्टम और दाह संस्कार नहीं किया जाएगा। पुलिस प्रशासन ने 4 बजे शाम तक का वक्त लिया है। अगर पुलिस शाम तक शव को ढूंढ नहीं पाती है, तो सड़क जाम कर फिर आंदोलन किया जाएगा।घटनास्थल पर पहुंची एफएसएल की टीम साक्ष्य का संकलन कर रही थी। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज से अज्ञात वाहन को भी चिन्हित करने का प्रयास किया जा रहा था। मौके पर मौजूद पुलिस पदाधिकारी ने आशंका जताई कि हो सकता है जख्मी व्यक्ति को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करा दिया गया हो। ऐसे में पुलिस आसपास के अस्पतालों में भी जांच कर रही थी।सदर एसडीपीओ आलोक कुमार ने बताया कि सुबह सड़क हादसे की जानकारी मिली थी। जिसमें सड़क किनारे खड़े पति-पत्नी को अज्ञात वाहन ने घसीटते हुए अपने साथ ले जाने की बातें कही गई थी। महिला का शव बरामद हुआ है। पति के शव की तलाश की जा रही है।