अतिक्रमण हटाने गई पुलिस पर पत्थरबाजी, एक पुलिस घायल
शंकरपुर,अंग भारत| प्रखंड क्षेत्र के मधेली गांव में शुक्रवार को अतिक्रमण हटाने पहुंची पुलिस टीम पर लोगों ने ईट पत्थर से हमला कर दिया। जिसमें एक पुलिसकर्मी घायल हो गया जिसे तत्काल उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। हालात बिगड़ने पर पुलिस ने किसी तरह स्थिति को नियंत्रण में कर एक महिला को हिरासत में लिया है l मालूम हो कि मधेली के अंजन कुमार यादव ने भूमि विवाद निराकरण वाद संख्या 19/24-25 के तहत आवेदन दिया था। अपर उप समाहर्ता के आदेश पर मौजा जिरवा, थाना संख्या 207, खाता 920, खेसरा 12764, रकवा 01 डिसीमल 310 वर्ग कड़ी जमीन से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के लिए सीओ राहुल कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। जेसीबी से अतिक्रमण हटाने की कोशिश की गई। इस दौरान पुरुष और महिलाएं उग्र हो गए। समझाने पर भी महिलाएं नहीं मानीं। उन्होंने पुलिस पर ईंट-पत्थर फेंकना शुरू कर दिया। हमले में जेसीबी का शीशा टूट गया। चालक, राजस्व कर्मचारी और पुलिसकर्मी को हल्की चोटें आईं।सीओ राहुल कुमार ने बताया कि शिवशंकर यादव, अनमोल यादव, लक्ष्मण यादव, विजय कुमार यादव समेत दर्जनों लोगों ने अतिक्रमण हटाने के दौरान विरोध करते हुए आरोप लगाने लगा कि सीओ रुपए लेकर दखल हटा रहे हैं। जान से मारने और झूठे केस में फंसाने की धमकी दी गई। अतिक्रमणकारियों ने खुद अपने टाट वाले घर में आग लगा दी। बाद में सीओ पर झोपड़ी जलाने और झूठा केस बनाने का आरोप लगाया।