अररिया गांव में पेड़ से लटका मिला किशोर का शव, जांच में जुटी पुलिस
खगड़िया/अंग भारत। जिले के मड़ैया थाना क्षेत्र अंतर्गत अररिया गांव में शनिवार की दोपहर 12 बजे एक पेड़ पर लटका हुआ किशोर का शव मिला। किशोर का शव मिलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। शव को देखने के लिए घटना स्थल पर लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी।
दूसरी ओर घटना की सूचना मिलते ही मड़ैया थानाध्यक्ष मो फिरदौस आलम अपने अधीनस्थ पुलिस पदाधिकारियों एवं पुलिस बल के साथ घटना स्थल पर पहुंचकर किशोर के शव को अपने कब्जे में कर जांच में जुट गई है। प्रथम दृष्टया पता चला है कि किशोर ने आत्महत्या की है। मृतक किशोर की पहचान निरंजन यादव के 14 वर्षीय पुत्र गोलू कुमार उर्फ रंगीला कुमार के रूप में हुई है। घटना के बाद वहां लोगों की भीड़ जुट गई। मृतक के परिजनों का रो रोकर बुरा हाल बताया जा रहा है। मड़ैया थानाध्यक्ष मो फिरदौस आलम ने बताया कि प्रथम दृष्टया आत्महत्या बताया जा रहा है। शव को कब्जे में कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही घटना के सही कारणों का पता चल पाएगा।