दिल्ली पुलिस की कार्रवाई में लोडेड देसी कट्टा एवं एक कारतूस के साथ युवक गिरफ्तार
खगड़िया/अंग भारत। दिल्ली पुलिस ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से चोढ़ली गांव में छापामार कर एक युवक को लोडेड देसी कट्टा एवं एक कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार युवक का पहचान चोढ़ली गांव निवासी मोहम्मद पठान के पुत्र मोहम्मद उर्फ मोहम्मद नसीर उर्फ मोहम्मद जूलमूल के रूप में की गई है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक दिल्ली पुलिस के इनपुट पर बेलदौर एवं दिल्ली पुलिस ने संयुक्त रूप से शनिवार के सबेरे लगभग पांच बजे गिरफ्तार युवक के तलाश में गांव पहुंच कर उसकी खोजबीन शुरू की। दिल्ली पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी दिल्ली में घटना को अंजाम देकर अपने गांव में छिपा हुआ था। पुलिस के आने की खबर पर आरोपी अपने घर में बने भेंटीलेटर होकर भागने की असफल कोशिश की। लेकिन दिल्ली पुलिस के क्राईम ब्रांच के अधिकारियों ने उसके इस मंसूबे पर पानी फेर दिया। हलांकि उसे पकड़ने के क्रम में दिल्ली क्राईम ब्रांच के पुलिस पदाधिकारी सवाई सिंह घायल हो गए। इस संबंध में थाना अध्यक्ष परशुराम सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी पर वर्ष 2009 में एक महिला की हत्या कर शव को गायब कर देने के मामले में संलिप्तता उजागर हुई थी। इसके साथ ही दिल्ली के आनंद विहार थाना क्षेत्र के दिल्ली रोड में सड़क पर लूटपाट के साथ दुष्कर्म करने के मामले में संबंधित थाना में कांड संख्या 803/15 दर्ज था, जिसमें संबंधित पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। युवक के गिरफ्तारी के बाद जब उसकी तलाशी ली गई तो उसके पास से एक लोडेड देसी कट्टा एवं एक कारतूस बरामद हुआ। पुलिस ने गिरफ्तार युवक से पूछताछ के बाद वैधानिक प्रक्रिया पूरी कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया। इस अभियान में दिल्ली पुलिस को बेलदौर थाना के एसआई राजेश कुमार, अमलेश कुमार के अलावा पुलिस बल के जवानों ने आवश्यक सहयोग किया।