सुपौल

उद्योगपति के भांति गरीबों का लोन माफ करे सरकार,कर्ज मुक्ति गरीबों का हक है – डॉ. अमन

त्रिवेणीगंज/सुपौल, अंग भारत। प्रखंड अन्तर्गत परसागढ़ी उत्तर पंचायत के सीमा के समीप  ऋणी परिवार के द्वारा लोन माफी को लेकर रविवार को जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित की गई। जहां ऋणी परिवार ने खुल कर अपनी व्यथा व्यक्त की। तत्पश्चात जनसंवाद में अपना विचार व्यक्त करते हुए लोरिक विचार मंच के प्रदेश संयोजक डॉ. अमन कुमार ने कहा कि लोन से पीड़ित ऋणी परिवार की स्थिति बहुत ही दयनीय है। ऐसे परिवारों को न केवल आर्थिक चुनौतियों का सामना करना पड़ता है बल्कि मानसिक तनाव और सामाजिक दबाव भी झेलना पड़ता है। ब्याज सहित लोन की राशि लौटाने में किसान, मजदूर, बेरोजगार छात्र व छात्रा, युवा सहित महिलाएं लाचार व बेबस हैं। इसीलिए लोन माफी आन्दोलन बिहारवासियों के लिए बहुत आवश्यक है। डॉ. कुमार ने कहा कि माइक्रो फाइनेंस कंपनी के रिकवरी एजेंट के प्रताड़ना के कारण ऋणी घर छोड़कर भागने के लिए मजबूर है। हजारों लोग मानसिक बीमारी से ग्रसित हो चुके हैं। कई परिवार आत्महत्या कर चुके हैं। फाइनेंस कर्मी ऋणी के मान और सम्मान के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं। खासकर महिलाओं के ग्रुप लोन की  राशि सहित 12-52 प्रतिशत ब्याज की राशि लौटाना नामुमकिन है। कर्ज मुक्ति गरीबों का हक है।लोन माफी का जिक्र करते डॉ. कुमार ने कहा कि भारत के कई उद्योगपतियों का लोन माफ किया गया है। विजय माल्या का सात हजार करोड़, ललित मोदी का तीन सौ करोड़, मेहुल चोकसी का सात हजार करोड़, नीरव मोदी का चौदह हजार  करोड़ माफ किया गया है। इतना ही नहीं अडानी, अंबानी, जिन्डल, जे.पी. ग्रुप के मालिक जय प्रकाश, जी.न्यूज के मालिक सुभाष चन्द्रा सहित 22 उद्योगपतियों का 16 लाख करोड़ रूपया माफ किया गया है। तो गरीब, किसान का लोन क्यों नहीं माफ हो सकता है? आर्थिक रूप से पिछड़े परिवारों के व्यापक हित में सरकार को लोन माफी की घोषणा अतिशीघ्र करना चाहिए। कहा कि लोन माफी आन्दोलन का मकसद किसी जाति, पार्टी और धर्म के समर्थन या विरोध से नहीं है। बल्कि ऋणी परिवार को इंसाफ दिलाना है। अमीर की भांति गरीब का भी लोन माफ होना चाहिए। ऋण माफी वर्तमान समाज की जरूरत है। किसानों का के.सी.सी. ऋण, महिलाओं का समूह ऋण, छात्र व छात्रा का शिक्षा ऋण सहित बेरोजगार युवा एवं गरीबों का सभी प्रकार का ऋण माफ होना चाहिए। जनसंवाद में डॉ. हरखू मंडल, रामविलास यादव, जय कृष्ण मुखिया, चन्दन कुमार, कार्तिक शर्मा, अशोक ऋषिदेव, विष्णुदेव कुमार, राजीव कुमार, छोटू कुमार शर्मा, सनोज राम, प्रमोद राम, मनोज राम, रविन्द्र ऋषिदेव, कंचन देवी, सरिता देवी, प्रियंका देवी, पूजा देवी, रिंकी देवी, अनिला देवी, मीरा देवी सहित गम्हरिया सिरसिया कला, चरणे आदि गांव के ऋणी परिवार ने बढ़ चढ़ कर भाग लिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *