लखनऊ

राजधानी में नाबालिग लड़की से छेड़छाड़ और हमला, सिपाही हुआ गिरफ्तार

लखनऊ, अंग भारत । उत्तर प्रदेश की राजधानी में बीबीडी थाना क्षेत्र के लालपुर इलाके में एक नाबालिग लड़की से छेड़छाड़ के बाद उसे दूसरी मंजिल से नीचे फेंक दिया गया। इस जानलेवा हमला में लड़की की रीढ़ की हड्डी पर चोट आयी है और उसे राममनोहर लोहिया चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। वहीं लड़की से छेड़छाड़ के आरोपित यूपी पुलिस के सिपाही मुकेश यादव के विरूद्ध मुकदमा दर्ज हुआ है।
लड़की की मां की ओर से बीबीडी थाने में तहरीर दे कर मुकदमा दर्ज कराया गया है। इस बाबत बीबीडी थाने के निरीक्षक राम सिंह ने बताया कि पीड़ित लड़की सिपाही की पत्नी से मिलने जाया करती थी। लड़की कक्षा नौ की छात्रा है और नाबालिग है। लड़की के सिपाही के घर आने जाने के दौरान ही उसके साथ छेड़छाड़ की जाती रही है। सिपाही मुकेश मौका देखकर उसके साथ छेड़छाड़ करता रहा है।
उन्होंने बताया कि मुकेश सिपाही ने बीते दिन लड़की के साथ फिर एक बार छेड़छाड़ की। जिसका विरोध लड़की ने किया तो सिपाही की पत्नी एवं उसके भाई वहां आ गये। सिपाही की पत्नी एवं पत्नी का भाई दोनों मिलकर लड़की को अपशब्द कहने लगे। इसी दौरान तीनों ने मिलकर उसे नीचे फेंक दिया। लालपुर क्षेत्र में सिपाही मुकेश के घर के दूसरे तल से गिरने पर लड़की बेहोश हो गयी। उसे लोहिया अस्पताल लाया गया। जहां उसका उपचार चल रहा है।
उन्होंने बताया कि मामले की गम्भीरता को देखते हुए लड़की की मां की तहरीर पर आरोपी सिपाही मुकेश यादव, उसकी पत्नी और पत्नी के भाई के विरूद्ध जानलेवा हमला, छेड़छाड़ और पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी गयी है। प्रथम दृष्टया सिपाही मुकेश को मुख्य आरोपित पाते हुए गिरफ्तार भी किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *