नालंदा

पयर्टक स्थल राजगीर में पहली मैंगो फेस्टिवल व्यंजनों की अनूठी प्रदर्शनी

नालंदा,अंग भारत। पर्यटन नगरी राजगीर में पहली बार आम पर आधारित चार दिवसीय मैंगो फेस्टिवल का आयोजन किया गया है जिसने स्थानीय लोगों और पर्यटकों का दिल जीत लिया है।यह भव्य आयोजन होटल अरुण्या गौतम विहार परिसर में किया गया है। जहां आम की विभिन्न प्रजातियों और उससे बने व्यंजनों की अनूठी प्रदर्शनी देखने को मिल रही है। फेस्टिवल का उद्घाटन वरीय वार्ड पार्षद एवं होटल के चेयरमैन महेन्द्र यादव ने किया।उन्होंने उद्घाटन समारोह में कहा यह फेस्टिवल न केवल स्वाद और ताजगी का उत्सव है बल्कि यह मगध क्षेत्र की सांस्कृतिक और कृषि विविधता को भी दर्शाता है।फेस्टिवल में दशहरी, लंगड़ा, चौसा, फजली, अलफांसो, मालदा, दुधिया मालदा, सिंधुरी और अम्रपाली जैसी प्रजातियों के आम प्रदर्शित किए गए हैं।आम प्रेमियों के लिए यह किसी स्वर्ग से कम नहीं। होटल के महाप्रबंधक अरुण कुमार ओझा ने बताया कि आम से बने दर्जनों प्रकार के स्वादिष्ट व्यंजन—जैसे आम का जूस, शरबत, मिल्कशेक, आइसक्रीम, रसमलाई, केक, बर्फी, पेड़ा, हलवा, लड्डू, कुल्फी और आम पना—परोसे जा रहे हैं।इस फेस्टिवल की खास बात यह है कि रसोइयों ने आम से बने कुछ नायाब और नवाचारी व्यंजन जैसे आम मोमोज, आम टिक्की और आम पिज्जा भी तैयार किए हैं, जो खासकर महिलाओं और युवाओं को खूब पसंद आ रहे हैं।फेस्टिवल को और आकर्षक बनाने के लिए पूरे होटल परिसर को आम से संबंधित सजावटी थीम से सजाया गया है। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक हर आयु वर्ग के लोग स्टॉलों पर जाकर व्यंजनों का आनंद उठा रहे थे। साथ ही आम से संबंधित विभिन्न प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया है जिससे आयोजन में उत्सव जैसा माहौल बन गया है।होटल के निदेशक संतोष कुमार ने बताया कि फेस्टिवल का उद्देश्य आम की बहुविधता उपयोगिता और स्वाद को आम लोगों तक पहुंचाना है। साथ ही यह राजगीर के पर्यटन को एक नई पहचान देने की दिशा में भी एक रचनात्मक पहल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *