खगड़िया

3 लाख ग्रामीण महिलाओं तक पहुंचा उम्मीद का पैगाम,खगड़िया में आज खत्म होगा राज्यव्यापी कार्यक्रम; “सशक्त नारी, समृद्ध समाज” की ओर बढ़ा कदम

खगड़िया,अंग भारत| ग्रामीण विकास विभाग द्वारा महिला सशक्तिकरण और सरकारी योजनाओं की जानकारी ग्रामीण महिलाओं तक पहुंचाने के उद्देश्य से चलाया जा रहा राज्यव्यापी महिला संवाद कार्यक्रम अब अपने समापन से महज एक दिन दूर है। खगड़िया जिले में रविवार को इस कार्यक्रम का समापन हो जाएगा, जिसके साथ पिछले 57 दिनों से चल रहा यह अभियान पूरे राज्य के 38 जिलों के सभी प्रखंडों में सफलतापूर्वक अपने अंत की ओर बढ़ जाएगा।यह कार्यक्रम ग्रामीण महिलाओं के जीवन में उम्मीद, आत्मविश्वास और आशा की नई किरण बनकर उभरा है। 18 अप्रैल, 2025 से संचालित इस अभियान ने न सिर्फ ग्रामीण महिलाओं को सरकारी योजनाओं से जोड़ा है, बल्कि उन्हें अपनी आवाज बुलंद करने, गांव की समस्याओं को सामने लाने और सामूहिक विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने का सशक्त मंच भी प्रदान किया है।”सशक्त नारी, समृद्ध समाज” की दिशा में अग्रसर इस कार्यक्रम ने जहां महिलाओं के जीवन में बदलाव को परिलक्षित किया है, वहीं समाज के विकास में महिलाओं की भागीदारी से निकल कर आ रही आकांक्षाओं से सरकार को नीतिगत निर्णय बनाने में भी मदद मिलेगी।महिला संवाद कार्यक्रम के माध्यम से अब तक तीन लाख महिलाओं तक मुख्यमंत्री का संदेश पत्र और सरकारी योजनाओं से संकलित लीफलेट वितरित किए जा चुके हैं। एलईडी युक्त वाहनों और लीफलेट के माध्यम से सरकार द्वारा महिलाओं के लिए चलाई गई विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी जा रही है।
आज भी यह कार्यक्रम प्रकाश ग्राम संगठन रामपुर गोगरी, विशाल ग्राम संगठन चौथम, चांदनी ग्राम संगठन गोगरी और हिंदुस्तान ग्राम संगठन सदर में आयोजित किया गया, जिसमें जीविका दीदियों के अलावा, गैर-जीविका महिलाएं, स्कूल की बच्चियां और जीविका के विभिन्न प्रखंड के कर्मी शामिल हुए। महिला संवाद के माध्यम से महिलाओं में एक नई ऊर्जा और नया संचार जागृत हुआ है, जिसके कारण समाज की एक नई तस्वीर उभर कर आई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *