बाढ़ पूर्व तैयारियों की समीक्षा की गई
सुपौल,अंग भारत। जिलाधिकारी के नेतृत्व में सुपौल प्रखंड के सभागार में सोमवार को बाढ़ पूर्व तैयारियों की समीक्षा हेतु एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में प्रखंड क्षेत्र के सभी जनप्रतिनिधिगण, प्रखंड स्तरीय एवं संबंधित विभागीय पदाधिकारीगण, आपदा मित्र, प्रभावित पंचायतों के नाविक, अंचलाधिकारी एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी उपस्थित रहे। बैठक के दौरान सभी बाढ़ प्रभावित पंचायतों के जनप्रतिनिधियों से क्रमवार रूप से बाढ़ से पूर्व, बाढ़ के दौरान तथा बाढ़ के पश्चात् उत्पन्न होने वाली समस्याओं पर विस्तृत जानकारी ली गई एवं उनके निराकरण हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।सभी प्रभावित पंचायतों में प्रतिनियुक्त नाविकों को बाढ़ के समय तत्परता एवं सजगता के साथ कार्य करने हेतु विशेष रूप से निर्देशित किया गया। जिलाधिकारी ने आपदा की स्थिति में सभी विभागीय पदाधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों से आपसी सहयोग और समन्वय के साथ कार्य करने का आह्वान किया जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि संभावित बाढ़ आपदा की स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने हेतु सभी आवश्यक तैयारियाँ समयबद्ध एवं प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण की जाएं, ताकि आमजन को किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े।