संवाद से निकली बात,सरकार सुनेगी आवाज,अंतिम पड़ाव में पहुंचा महिला संवाद कार्यक्रम
भागलपुर,अंग भारत| 16 जून 2025, महिलाओं को सरकार तक अपनी आवाज पहुंचाने के लिए आयोजित किये जा रहे महिला संवाद कार्यक्रम अब अंतिम पड़ाव की ओर है। जिले में अब केवल 35 स्थानों पर महिला संवाद कार्यक्रम का आयोजन करना शेष रह गया है। इस दौरान बड़ी संख्या में महिलाएं संवाद कार्यक्रम में हिस्सा लेकर अपनी बात रख सकेंगी|जीविका के जिला परियोजना प्रबंधक श्री सुनिर्मल गरेन ने बताया कि जिले में निर्धारित 1820 ग्राम संगठनों में से 1785 ग्राम संगठनों में महिला संवाद का आयोजन संपन्न हो गया है। अब 30 ग्राम संगठनों में इसका आयोजन करना शेष रहा गया है। ऐसे में 18 जून को महिला संवाद कार्यक्रम का समापन हो जाएगा।महिला संवाद के दौरान वीडियो फिल्म दिखाई जा रही है जिसमें बिहार सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं के बारे में जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है। इसमें जीविका स्वयं सहायता समूह की दीदियों के अलावा गाँव की अन्य महिलाएँ भी हिस्सा ले रही हैं।उन्होंने बताया कि जिले में 1785 ग्राम संगठनों में आयोजित किये गए महिला संवाद कार्यक्रम के दौरान अब तक कुल 3 लाख 90 हजार से अधिक महिलाओं ने हिस्सा लिया। इसमें समूह से जुड़ी 3 लाख 41 हजार महिलाएं शामिल हैं। इसके अलावा 31 हजार से अधिक पुरुषों ने भी इसमें शिरकत की। खास बात यह है कि इस महिला संवाद में गाँव की समस्त महिलाएं हिस्सा लेकर गाँव, समाज और राज्य के विकास पर मंथन कर रही है। महिला संवाद से प्राप्त होने वाले सुझावों और उनकी आकांक्षाओं पर मोबाइल एप के माध्यम से संधारित किया जा रहा है, जिससे राज्य के विकास हेतु नीति निर्धारण एवं योजनाओं के क्रियान्वयन की दिशा में अपेक्षित सुधार लाने में मदद मिलेगी। जिला परियोजना प्रबंधक ने बताया कि महिला संवाद के दौरान महिलाओं की ओर से अब तक 34581 आकांक्षाएं प्राप्त हुई हैं, जिन्हें मोबाइल एप पर दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि इन सभी आकांक्षाओं का निष्पादन तेजी से किया जा रहा है। इसके लिए जिला प्रशासन स्तर पर गठित एक दल के द्वारा विभगावार वर्गीकृत करते हुए संबंधित विभागों के पास निष्पादन हेतु भेजा गया है। उल्लेखनीय है कि बिहार सरकार द्वारा महिला सशक्तिकरण की दिशा में क्रियान्वित योजनाओं/कार्यों तथा ग्रामीण क्षेत्रों में आए सकारात्मक बदलाव पर विस्तृत संवाद किये जाने एवं सरकार के स्तर पर योजनाओं के सूत्रण एवं नीति निर्धारण में महिलाओं की आकांक्षाओं को बेहतर ढंग से समाहित करने के उद्देश्य से महिला संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है।