बांका के 11 प्रखंडों में 28 ग्राम संगठनों में हुआ महिला संवाद कार्यक्रम का आयोजन
रजौन/बांका, अंग भारत। ग्रामीण महिलाओं को बिहार सरकार द्बारा चलाई जा रही विभिन्न जन कल्याणकारी योजनाओं के बारे में विस्तृत जानकारी देने के उद्देश्य से जिला प्रशासन की ओर से आयोजित महिला संवाद कार्यक्रम के तहत रविवार को बांका जिले के 11 प्रखंडों में कुल 28 ग्राम संगठनों में जनसंवाद कार्यक्रम का आयोजन हुआ। इन कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में महिलाओं की भागीदारी देखी गई। इस अवसर पर रजौन प्रखंड के सकहारा पंचायत अंतर्गत दर्पण ग्राम संगठन का जायजा बांका जिला परियोजना प्रबंधक राकेश कुमार ने लिया। इस दौरान उन्होंने ग्राम संगठन की महिलाओं से संवाद कर योजनाओं की जानकारी दी और उनकी भागीदारी की सराहना की। इस कार्यक्रम श्रृंखला के अंतर्गत जॉब्स प्रबंधक मनोज निराला, प्रशिक्षण अधिकारी खुशबू कुमारी तथा बौंसी प्रखंड के संजीवनी योजना के युवा पेशेवर ऐनी पटेल ने अलग-अलग प्रखंडों में आयोजित महिला संवाद कार्यक्रमों में भाग लिया। सभी स्थानों पर महिला संवाद वाहन के माध्यम से ऑडियो-विज़ुअल प्रस्तुति द्बारा योजनाओं की जानकारी दी गई और योजनाओं से जुड़े लीफलेट्स का वितरण किया गया। महिलाओं द्बारा साझा किए गए अनुभवों, अपेक्षाओं और सुझावों को एक मोबाइल एप्लिकेशन के माध्यम से डिजिटल रूप में संकलित किया गया, ताकि उन्हें भावी योजना-निर्माण में सम्मिलित किया जा सके। रविवार को जिले के कुल 11 प्रखंडों के 28 ग्राम संगठनों में महिला संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया, जो महिलाओं को जानकारी से जोड़ने के साथ-साथ उन्हें निर्णय प्रक्रिया का हिस्सा भी बना रहे हैं।