पूर्णियां,अंग भारत| बिहार विधान परिषद के कोशी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक निर्वाचन 2026 को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के उद्देश्य से बुधवार को महानंदा सभागार, पूर्णिया में मतदान कर्मियों का प्रथम प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में निर्वाची पदाधिकारी-सह-आयुक्त पूर्णिया प्रमंडल श्री दिनेश कुमार भा.प्र.से., प्रेक्षक श्री प्रेम सिंह मीणा भा.प्र.से. एवं जिला पदाधिकारी श्री अंशुल कुमार भा.प्र.से. मौजूद रहे।प्रशिक्षण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रेक्षक प्रेम सिंह मीणा एवं निर्वाची पदाधिकारी-सह-आयुक्त दिनेश कुमार ने कहा कि निष्पक्ष एवं पारदर्शी निर्वाचन में मतदान कर्मियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण और संवेदनशील है। उन्होंने सभी मतदान कर्मियों को गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण प्राप्त करने तथा निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े प्रत्येक पहलू की जानकारी हासिल करने पर विशेष जोर दिया।उन्होंने मतदान कर्मियों को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्पक्षता, सजगता और तत्परता के साथ करने का निर्देश दिया। साथ ही भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने को कहा गया।प्रशिक्षण सत्र के दौरान मतदान कर्मियों को उनके अधिकारों, कार्यों एवं दायित्वों के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। मतदान केंद्रों पर मतदान प्रक्रिया को त्रुटिरहित तरीके से संपन्न कराने, गोपनीयता बनाए रखने तथा निर्वाचन आयोग के निर्देशों का समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक सावधानियों से अवगत कराया गया।प्रशिक्षण में मतदान के दौरान किसी भी प्रकार की अनियमितता या व्यवधान उत्पन्न होने पर तत्काल संबंधित वरीय पदाधिकारियों को सूचना देने की कार्यप्रणाली भी समझाई गई। मतदान दिवस की कार्ययोजना, विभिन्न गतिविधियों, आवश्यक चेकलिस्ट तथा रिपोर्टिंग प्रक्रिया को लेकर मतदान कर्मियों को व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।अधिकारियों ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। मतदान कर्मियों को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार कार्य करते हुए निष्पक्षता और गोपनीयता बनाए रखने का निर्देश दिया गया।कोशी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए नियंत्रण कक्ष पूर्णिया प्रमंडलीय आयुक्त कार्यालय में संचालित किया जा रहा है। नियंत्रण कक्ष का दूरभाष नंबर 06454-243198 है। निर्वाचन से संबंधित किसी भी प्रकार की सूचना या जानकारी मतदाता इस नंबर पर उपलब्ध करा सकते हैं।प्रशिक्षण कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता विभागीय जांच, अपर समाहर्ता विधि-व्यवस्था, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, स्थापना उपसमाहर्ता, निदेशक डीआरडीए, मास्टर प्रशिक्षक सहित संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।







