नई दिल्ली/रांची,अंग भारत। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन आज से झारखंड के तीन दिवसीय दौरे पर रांची आ रहे हैं। ये दौरा 23 अक्टूबर से 25 अक्टूबर तक चलेगा। भाजपा के लिए ये दौरा बहुत अहम माना जा रहा है, क्योंकि अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नवीन का ये पहला बड़ा सांगठनिक दौरा है।पार्टी के केंद्रीय कार्यालय से शुक्रवार को जारी बयान में कहा गया है कि इस दौरे का मुख्य मकसद संगठन की जमीनी हकीकत को समझना है। वो प्रदेश से लेकर जिला और मंडल स्तर तक के पदाधिकारियों से मिलेंगे, उनकी समस्याएं सुनेंगे और आगे की कार्ययोजना बनाएंगे। झारखंड में पार्टी अभी विपक्ष में है और आने वाले समय में पंचायत से लेकर नगर निकाय तक के चुनाव होने हैं, इसलिए संगठन को अभी से चुस्त-दुरुस्त करना जरूरी है।
आज शाम रांची पहुंचेंगे,स्वागत की तैयारी पूरी -: नितिन नवीन आज शाम करीब 5 बजे बिरसा मुंडा हवाई अड्डा, रांची पहुंचेंगे। प्रदेश भाजपा ने उनके स्वागत की पूरी तैयारी कर ली है। एयरपोर्ट से लेकर पार्टी कार्यालय तक कार्यकर्ताओं की टोली खड़ी रहेगी। प्रदेश अध्यक्ष, नेता प्रतिपक्ष, पूर्व मुख्यमंत्री, सभी सांसद और विधायक एयरपोर्ट पर मौजूद रहेंगे।एयरपोर्ट से वो सीधे प्रदेश भाजपा कार्यालय जाएंगे। वहां सबसे पहले प्रदेश कोर ग्रुप के साथ बंद कमरे में बैठक होगी। इस बैठक में झारखंड की मौजूदा राजनीतिक स्थिति, हेमंत सोरेन सरकार के खिलाफ पार्टी की रणनीति और संगठन में कहां-कहां खाली पद हैं, इस पर चर्चा होगी। रात में वो रांची में ही वरिष्ठ नेताओं के साथ अनौपचारिक भोज में भी शामिल होंगे, ताकि खुलकर बात हो सके।
सबसे बिजी दिन,दो बड़ी बैठकें -: दौरे का दूसरा दिन यानी 24 अक्टूबर सबसे ज्यादा बिजी रहने वाला है। इस दिन का पूरा कार्यक्रम सुकुरहुतु स्थित रांची हवेली बैंक्वेट में रखा गया है।सुबह 11:40 बजे पहली बड़ी बैठक होगी। इसमें झारखंड के सभी 24 जिलों के जिला अध्यक्ष और जिला प्रभारी बुलाए गए हैं। हर जिले को 10 मिनट का समय दिया गया है कि वो अपनी रिपोर्ट रखें। इसमें बताया जाएगा कि उनके जिले में बूथ कमेटी कितनी बनी है, पन्ना प्रमुख कितने सक्रिय हैं, सदस्यता अभियान में कितने नए लोग जुड़े हैं और किस जिले में गुटबाजी ज्यादा है। नितिन नवीन खुद हर जिले की रिपोर्ट पर नोट्स लेंगे और जहां कमजोरी होगी, वहां तुरंत सुधार के निर्देश देंगे। सूत्रों का कहना है कि इस बैठक में कई जिलों के अध्यक्ष बदले भी जा सकते हैं।दोपहर में लंच के बाद 3 बजे से दूसरी बड़ी बैठक शुरू होगी। ये प्रदेश कार्यसमिति की बैठक होगी। इसमें करीब 250 से 300 लोग शामिल होंगे। इसमें प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य, मोर्चा के अध्यक्ष, प्रकोष्ठ के संयोजक, सांसद, विधायक और पूर्व विधायक रहेंगे। इस बैठक में तीन बड़े एजेंडे हैं – पहला, केंद्र सरकार की योजनाओं को गांव-गांव तक कैसे पहुंचाना है, दूसरा, राज्य सरकार की नाकामियों को जनता के बीच कैसे उजागर करना है और तीसरा, अगले 6 महीने में पार्टी के कौन-कौन से बड़े आंदोलन और कार्यक्रम होंगे।राष्ट्रीय अध्यक्ष इस बैठक में कार्यकर्ताओं को जीत का मंत्र भी देंगे। वो बताएंगे कि संगठन ही पार्टी की असली ताकत है और बूथ जीता तो चुनाव जीता।
25 अक्टूबर को दौरे का आखिरी दिन है। इस दिन नितिन नवीन रांची में ही कुछ चुनिंदा लोगों से मिलेंगे। इसमें पार्टी के पुराने और नाराज चल रहे नेताओं को मनाने की भी कोशिश होगी। इसके अलावा आरएसएस और सहयोगी संगठनों के पदाधिकारियों से भी मुलाकात का कार्यक्रम है। दोपहर बाद वो दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे।क्यों अहम है ये दौराभाजपा के एक वरिष्ठ नेता ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि झारखंड में संगठन में कई जगह ढीलापन आ गया था। पिछले विधानसभा चुनाव में हार के बाद कई कार्यकर्ता निष्क्रिय हो गए थे। राष्ट्रीय अध्यक्ष खुद आकर उनमें जान फूंकना चाहते हैं। साथ ही 2029 के लोकसभा चुनाव की तैयारी भी अभी से शुरू करनी है। इसलिए ये तीन दिन का दौरा सिर्फ बैठक नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश संगठन को रिचार्ज करने जैसा है।








