बिहार

सोनवर्षा में 251 कलशों के साथ गूंजा राधे-राधे

राधा-कृष्ण मंदिर स्थापना सह भागवत कथा शुरू

सोनवर्षा राज (सहरसा),अंग भारत।  प्रखंड क्षेत्र के पड़रिया पंचायत स्थित मौहनियां गांव रविवार को पूरी तरह भक्ति के रंग में सराबोर नजर आया। अवसर था श्री श्री 108 राधा कृष्ण मंदिर स्थापना और सात दिवसीय श्रीमद् भागवत कथा के भव्य शुभारंभ का। इस पावन उपलक्ष्य में रविवार को गाजे-बाजे के साथ 251 भव्य कलश शोभायात्रा निकाली गई। कलश यात्रा मौहनियां गांव से शुरू होकर माली चौक होते हुए मैना सुरसर नदी पहुंची। वहां पंडितों के वैदिक मंत्रोच्चार के बीच श्रद्धालुओं ने पवित्र जल भरा। इसके बाद मैना भगवती मंदिर की परिक्रमा कर श्रद्धालु पुनः यज्ञ स्थल पहुंचे, जहां विधिवत कलश स्थापित किए गए। यात्रा के दौरान शंखनाद और ‘राधे-राधे’ के जयघोष से पूरा वातावरण गुंजायमान रहा। ग्रामीणों के लिए यह गर्व का विषय है कि इस मंदिर का निर्माण एसआई पवन यादव (वर्तमान थाना प्रभारी, बरहेट, साहिबगंज) द्वारा अपने निजी स्तर पर कराया गया है। स्थानीय लोगों ने उनकी इस धार्मिक और सामाजिक पहल की जमकर सराहना की है। आयोजन समिति ने बताया कि रविवार से शुरू हुई यह श्रीमद् भागवत कथा आगामी 28 फरवरी तक चलेगी। प्रख्यात कथा वाचक लक्ष्मी बाबा प्रतिदिन दोपहर 2 बजे से भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं का रसपान श्रद्धालुओं को कराएंगे। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण 01 मार्च को होने वाली प्राण-प्रतिष्ठा, हवन और विशाल महाभंडारा होगा। आयोजन समिति द्वारा भक्तों के लिए बैठने, सुरक्षा और प्रसाद वितरण के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।