महिला संवाद में दीदियों ने रखीं गांव की समस्याएं
बांका,अंगभारत। महिला सशक्तिकरण की दिशा में बांका जिले के 11 प्रखंडों में 13 मई 2०25 को 28 महिला संवाद कार्यक्रम हुए। अमरपुर प्रखंड के कुशमाहा पंचायत में भी कार्यक्रम हुआ। इसमें प्रखंड परियोजना प्रबंधक विकास और क्षेत्रीय समन्वयक संतोष कुमार शामिल हुए। विकास ने जीविका दीदियों से सीधा संवाद किया। राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी दी। इनमें सतत जीविकोपार्जन योजना, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना, मुख्यमंत्री लघु उद्यमी योजना, बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना, महिला आरक्षण, अक्षर आंचल योजना और नशामुक्ति अभियान शामिल रहे।दीदियों ने गांव की समस्याएं सामने रखीं। वृद्ध आश्रम और समुदाय भवन की मांग की। विकलांग पेंशन बढ़ाने की बात कही। सोलर प्लेट के लिए अनुदान मांगा। प्रखंड स्तर पर आईटीआई कॉलेज खोलने की जरूरत बताई। बैंक ऋण की सुलभता और जीविका भवन निर्माण की मांग भी रखी।कार्यक्रम में ऑडियो-वीडियो के जरिए योजनाओं की जानकारी दी गई। मुख्यमंत्री का संदेश पत्र पढ़कर सुनाया गया। सूचनात्मक लीफलेट्स भी बांटे गए। यह संवाद कार्यक्रम महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में अहम कदम साबित हो रहा है।