कटिहार में निकाली गई विशाल तिरंगा यात्रा, देशभक्ति का उमड़ा ज्वार
कटिहार,अंग भारत । ऑपरेशन सिंदूर की सफलता और भारतीय सेना के अदम्य शौर्य के सम्मान में कटिहार में विशाल तिरंगा यात्रा निकाली गई। भाजपा जिला अध्यक्ष मनोज राय के नेतृत्व में आयोजित इस यात्रा में शहर के आम आवाम, सभी राजनीतिक दल और सामाजिक संगठनों ने भाग लिया।
तिरंगा यात्रा हरिशंकर नायक उच्च विद्यालय के प्रांगण से शुरू होकर मिर्चाईबारी अमर जवान चौक, जीआरपी चौक और शाहिद चौक तक निकाली गई। इस दौरान बड़ी संख्या में राष्ट्र प्रेमी और देशभक्त उपस्थित थे।
इस अवसर पर पूर्व उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद, विधान पार्षद अशोक कुमार अग्रवाल, प्राणपुर विधायक निशा सिंह, कोढा विधायक कविता पासवान और पूर्व सांसद निखिल कुमार चौधरी सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
तिरंगा यात्रा में भाग लेने वाले सभी लोगों ने एक सुर में कहा कि आंतकवाद के खिलाफ देश के लिए सर्वस्व लुटाने वाले वीर भारतीय सैनिकों का सम्पूर्ण देश सदैव ऋणी रहेगा। यह तिरंगा यात्रा न सिर्फ राष्ट्र के प्रति सम्मान का प्रतीक थी, बल्कि उन वीर जवानों को समर्पित थी जिन्होंने आतंकवाद के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई कर देश को गौरवान्वित किया।
इस यात्रा में विभिन्न सामाजिक और राजनीतिक संगठनों ने भाग लिया, जिनमें विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, भारतीय मजदूर संघ, भारतीय किसान संघ और कई अन्य संगठन शामिल थे।