हरियाणा,अंग भारत। हरियाणा के यमुनानगर में सोशल मीडिया के लिए रील बनाना एक युवक के लिए जानलेवा साबित हुआ। दादूपुर हेड नहर क्षेत्र में 18 वर्षीय युवक का संतुलन बिगड़ने से वह नहर में गिर गया और तेज बहाव में बहकर लापता हो गया। प्रशासन और पुलिस की टीमें लगातार उसकी तलाश में जुटी हैं।
वीडियो बनाते समय हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, युवक वीरू मूल रूप से बिहार का रहने वाला था और जगाधरी में रहकर एक फैक्ट्री में काम करता था। छुट्टी के दौरान वह अपने दोस्तों के साथ नहर किनारे घूमने और रील बनाने गया था। इसी दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया और वह अचानक नहर में गिर गया।
दोस्तों ने बचाने की कोशिश, लेकिन नहीं मिली सफलता
घटना के समय मौजूद साथियों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन नहर का तेज बहाव उनके लिए बड़ी चुनौती बन गया। देखते ही देखते युवक पानी में बह गया और आंखों से ओझल हो गया।
पुलिस और गोताखोरों का सर्च ऑपरेशन जारी
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तुरंत गोताखोरों की मदद से सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। कई घंटों की तलाश के बावजूद युवक का कोई सुराग नहीं लग सका है। अधिकारियों के अनुसार नहर की गहराई और तेज धार के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में दिक्कत आ रही है।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
घटना की जानकारी मिलते ही युवक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। उनका रो-रोकर बुरा हाल है और वे पूरी रात नहर किनारे ही डटे रहे। परिवार का कहना है कि जब तक युवक का कोई पता नहीं चलता, वे वहीं रहेंगे।
फिर चलाया जाएगा बड़ा सर्च अभियान
पुलिस ने बताया कि अगले दिन फिर से बड़े स्तर पर तलाशी अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए अतिरिक्त टीमें और संसाधन लगाए जाएंगे, ताकि जल्द से जल्द युवक का पता लगाया जा सके।










