Founder – Mohan Milan

सीवान में आधी रात मुठभेड़, पुलिस की जवाबी फायरिंग में दो कुख्यात अपराधी ढेर

लूट की बड़ी वारदात की फिराक में थे बदमाश, दोनों के खिलाफ कई मामलों का खुलासा

सीवान,अंग भारत | सीवान-पटना मुख्य मार्ग पर मंगलवार की आधी रात उस वक्त हड़कंप मच गया, जब बसंतपुर थाना क्षेत्र के लहेजी गांव के पास पुलिस और अपराधियों के बीच जबरदस्त मुठभेड़ हो गई। इस दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो कुख्यात अपराधी गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए।

गुप्त सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी

जानकारी के अनुसार, बसंतपुर थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बाइक सवार अपराधी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने इलाके में घेराबंदी कर जांच अभियान शुरू कर दिया। जैसे ही संदिग्ध बाइक सवार वहां पहुंचे, पुलिस को देखते ही वे भागने लगे।

पुलिस पर की ताबड़तोड़ फायरिंग

पीछा किए जाने पर अपराधियों ने पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि बदमाशों ने करीब चार राउंड गोलियां चलाईं। जवाब में पुलिस ने भी सटीक कार्रवाई करते हुए फायरिंग की, जिसमें दोनों अपराधियों के पैर में गोली लगी और वे मौके पर ही गिर पड़े। इसके बाद पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया।

दोनों अपराधियों की पहचान, अस्पताल में भर्ती

घायल अपराधियों की पहचान बड़हरिया थाना क्षेत्र के सदरपुर निवासी 25 वर्षीय रोहित कुमार शर्मा और चौकी हसन गांव निवासी 19 वर्षीय रोहित कुमार कुशवाहा उर्फ रिशु के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों को तुरंत सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए पटना रेफर कर दिया गया।

पूछताछ में लूटकांडों का खुलासा

पुलिस पूछताछ में चौंकाने वाले खुलासे सामने आए हैं। रोहित कुमार शर्मा ने कबूल किया है कि वह बसंतपुर के खोड़ीपाकड़ ज्वेलरी लूटकांड और हाल ही में हुए अरुण ज्वेलर्स लूटकांड में शामिल रहा है। इसके अलावा वह एक अंतरराज्यीय गिरोह से जुड़ा हुआ है और हैदराबाद समेत कई शहरों में लूट की घटनाओं को अंजाम दे चुका है। वहीं उसका साथी रिशु भी इन वारदातों में शामिल रहा है।

डॉक्टरों ने बताई गंभीर स्थिति

डॉक्टर आलोक कुमार सिन्हा के अनुसार, रोहित शर्मा के दोनों पैरों में गोली लगी है, जबकि रिशु के बाएं पैर में घुटने के नीचे गोली आर-पार हो गई है। दोनों की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज जारी है।

अपराधियों पर शिकंजा कसने के संकेत

इस मुठभेड़ के बाद पुलिस ने साफ संकेत दिए हैं कि जिले में सक्रिय आपराधिक गिरोहों के खिलाफ अभियान और तेज किया जाएगा। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अपराधियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
Picture of अंग भारत • रिपोर्टर

अंग भारत • रिपोर्टर

‘अंग भारत’ एक हिंदी दैनिक समाचार पत्र है, जो मिलन ग्रुप द्वारा संचालित एक बहुआयामी मीडिया संगठन का हिस्सा है। हमारा कॉर्पोरेट कार्यालय बिहार के ऐतिहासिक अंग प्रदेश के पवित्र स्थान बांका में स्थित है। हमारा उद्देश्य निष्पक्ष, विश्वसनीय और जनहित से जुड़ी खबरों को पाठकों तक पहुंचाना है।”

Related Posts
Recent Posts