Founder – Mohan Milan

समृद्धि यात्रा पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज बक्सर और भोजपुर दौरे पर

करोड़ों की योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन, जनसंवाद के जरिए सुनेंगे लोगों की समस्याएं

पटना,अंग भारत| राज्य में विकास योजनाओं की प्रगति का जायजा लेने के लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बुधवार को समृद्धि यात्रा के तहत बक्सर और भोजपुर जिलों के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे कई विकासात्मक एवं कल्याणकारी योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन करेंगे, साथ ही अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक और आम लोगों के साथ जनसंवाद कार्यक्रम में भाग लेंगे।

बक्सर में 486 करोड़ की योजनाओं का शिलान्यास

मुख्यमंत्री बक्सर जिले में 486 करोड़ रुपये की लागत से 23 योजनाओं का शिलान्यास करेंगे। इसके अलावा 106 करोड़ रुपये की लागत से 41 योजनाओं का उद्घाटन भी किया जाएगा। इस अवसर पर वे जिले में चल रही विभिन्न विकास योजनाओं की समीक्षा करेंगे और उनके क्रियान्वयन की स्थिति का आकलन करेंगे।

भोजपुर में भी बड़े पैमाने पर विकास कार्य

इसके बाद मुख्यमंत्री भोजपुर जिले का दौरा करेंगे, जहां 269 करोड़ रुपये की लागत से 227 योजनाओं का शिलान्यास किया जाएगा। साथ ही 197 करोड़ रुपये की लागत से 494 योजनाओं का उद्घाटन भी किया जाएगा। यह कार्यक्रम जिले में विकास की गति को और तेज करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

जनसंवाद कार्यक्रम में सुनेंगे जनता की समस्याएं

समृद्धि यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जनसंवाद कार्यक्रम में भी भाग लेंगे। इस दौरान वे आम लोगों से सीधे संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं को सुनेंगे और अधिकारियों को समाधान के लिए आवश्यक निर्देश देंगे।

विकास कार्यों की होगी गहन समीक्षा

दौरे के दौरान मुख्यमंत्री संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा करेंगे। वे यह सुनिश्चित करने पर जोर देंगे कि सभी योजनाएं समय पर और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरी हों, ताकि आम जनता को इसका लाभ मिल सके।

समृद्धि यात्रा का उद्देश्य

समृद्धि यात्रा का मुख्य उद्देश्य राज्य में चल रही विकास योजनाओं की जमीनी हकीकत का आकलन करना, प्रशासनिक कार्यों में तेजी लाना और आम जनता से सीधा संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं का समाधान करना है।इस दौरे को राज्य सरकार की विकास योजनाओं की मॉनिटरिंग और जनसंपर्क के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
Picture of अंग भारत • रिपोर्टर

अंग भारत • रिपोर्टर

‘अंग भारत’ एक हिंदी दैनिक समाचार पत्र है, जो मिलन ग्रुप द्वारा संचालित एक बहुआयामी मीडिया संगठन का हिस्सा है। हमारा कॉर्पोरेट कार्यालय बिहार के ऐतिहासिक अंग प्रदेश के पवित्र स्थान बांका में स्थित है। हमारा उद्देश्य निष्पक्ष, विश्वसनीय और जनहित से जुड़ी खबरों को पाठकों तक पहुंचाना है।”

Related Posts
Recent Posts