Founder – Mohan Milan

खरामा मोड़–गंगटी सड़क बनी जानलेवा, ग्रामीणों ने जताई नाराजगी

भागलपुर,अंग भारत | भागलपुर जिले के गोराडीह प्रखंड स्थित खरामा मोड़ से गंगटी तक जाने वाली सड़क की हालत बेहद खराब हो चुकी है। यह सड़क पूरी तरह जर्जर हो गई है और जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढों में तब्दील हो चुकी है। सड़क पर फैली गिट्टियां और उखड़ा हुआ निर्माण कार्य हादसों को न्योता दे रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि आए दिन बाइक सवार दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं।

गड्ढों में तब्दील सड़क, चलना हुआ मुश्किल

करीब 2.193 किलोमीटर लंबी यह सड़क अब चलने लायक नहीं रह गई है। सड़क पर हर जगह गड्ढे ही गड्ढे नजर आते हैं, जिससे राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। खासकर दोपहिया वाहन चालकों के लिए यह मार्ग बेहद खतरनाक बन चुका है। कई बार लोग संतुलन खोकर गिर जाते हैं और चोटिल हो जाते हैं।

प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत हुआ था निर्माण

यह सड़क प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बनाई गई थी। सड़क निर्माण पर 99 लाख 72 हजार 23 रुपये खर्च किए गए थे, जबकि इसके रखरखाव के लिए 6 लाख 28 हजार 961 रुपये निर्धारित किए गए थे। निर्माण कार्य की समाप्ति की तिथि 3 मार्च 2015 तय थी, लेकिन यह कार्य काफी देरी से 2021 में पूरा हो सका।

मरम्मत के अभाव में बिगड़ी हालत

स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क बनने के बाद कभी इसकी मरम्मत नहीं की गई। गोराडीह और जगदीशपुर प्रखंड मुख्यालय को जोड़ने वाली यह सड़क अब बदहाल स्थिति में है, जिससे दैनिक आवागमन प्रभावित हो रहा है।

ग्रामीणों में आक्रोश, जनप्रतिनिधियों पर सवाल

ग्रामीण जयप्रकाश सिंह, विभाष सिंह, मुनिलाल कुशवाहा और अमरजीत ठाकुर सहित अन्य लोगों ने बताया कि इस मार्ग पर यात्री वाहन नहीं चलते, लेकिन वे साइकिल और मोटरसाइकिल से रोजमर्रा के कामों के लिए इसी रास्ते का उपयोग करते हैं। सड़क की खराब हालत के कारण उन्हें काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।ग्रामीणों ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों पर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि मुखिया, विधायक और सांसद सभी इस समस्या पर चुप्पी साधे हुए हैं। सड़क की मरम्मत नहीं होने का खामियाजा आम लोगों को भुगतना पड़ रहा है।

जल्द सुधार की मांग

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द सड़क की मरम्मत कराई जाए, ताकि लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके। अगर समय रहते इस पर ध्यान नहीं दिया गया, तो आने वाले दिनों में हादसों की संख्या और बढ़ सकती है।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
Picture of अंग भारत • रिपोर्टर

अंग भारत • रिपोर्टर

‘अंग भारत’ एक हिंदी दैनिक समाचार पत्र है, जो मिलन ग्रुप द्वारा संचालित एक बहुआयामी मीडिया संगठन का हिस्सा है। हमारा कॉर्पोरेट कार्यालय बिहार के ऐतिहासिक अंग प्रदेश के पवित्र स्थान बांका में स्थित है। हमारा उद्देश्य निष्पक्ष, विश्वसनीय और जनहित से जुड़ी खबरों को पाठकों तक पहुंचाना है।”

Related Posts
Recent Posts