Founder – Mohan Milan

31 मार्च को मोदी देंगे गुजरात को 891 करोड़ रेल प्रोजेक्ट

गांधीनगर,अंग भारत। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 31 मार्च को गुजरात के एक दिवसीय दौरे पर पहुंचेंगे। इस दौरान वे राज्य को रेलवे मंत्रालय की ओर से 891 करोड़ रुपये की विभिन्न परियोजनाओं की सौगात देंगे।

रेल कनेक्टिविटी को मिलेगा बड़ा बढ़ावा
प्रधानमंत्री इन परियोजनाओं के जरिए राज्य में कनेक्टिविटी को मजबूत करने, आर्थिक गतिविधियों को गति देने और यात्रियों की सुविधा बढ़ाने पर जोर देंगे। वे वाव-थराद से इन परियोजनाओं का वर्चुअल उद्घाटन करेंगे। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल भी मौजूद रहेंगे।

नई रेलवे लाइन का उद्घाटन
प्रधानमंत्री हिंमतनगर से खेडब्रह्मा के बीच 55 किलोमीटर लंबी नई रेलवे लाइन का उद्घाटन करेंगे, जिसका निर्माण 482 करोड़ रुपये की लागत से हुआ है। इस परियोजना से साबरकांठा जिले में कनेक्टिविटी बेहतर होगी और अहमदाबाद से उदयपुर तक सीधा रेल संपर्क स्थापित होगा।इससे क्षेत्र में स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य आवश्यक सेवाओं तक पहुंच आसान होने के साथ स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर भी बनेंगे।

डबलिंग और मल्टीट्रैकिंग प्रोजेक्ट्स भी शामिल
इसके अलावा 257 करोड़ रुपये की लागत से बने कानालुस-जामनगर डबलिंग प्रोजेक्ट (27 किमी) और गांधीधाम-आदिपुर मल्टीट्रैकिंग प्रोजेक्ट (11 किमी) का भी लोकार्पण किया जाएगा। इन परियोजनाओं से ट्रेनों की आवाजाही तेज और सुगम होगी।माल परिवहन भी अधिक कुशल बनेगा और दीनदयाल पोर्ट समेत औद्योगिक क्षेत्रों तक कनेक्टिविटी मजबूत होगी। इससे स्थानीय पर्यटन को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

नई ट्रेन को दिखाई जाएगी हरी झंडी
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री खेडब्रह्मा से अहमदाबाद (असारवा) तक चलने वाली नई ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे, जो हिंमतनगर होकर गुजरेगी। इस ट्रेन के शुरू होने से क्षेत्र में यात्रा तेज और सुविधाजनक बनेगी, जिससे स्थानीय आर्थिक विकास को गति मिलेगी।

आधुनिक रेलवे की दिशा में कदम
प्रधानमंत्री के विजन के तहत भारतीय रेलवे को आधुनिक और अधिक कार्यक्षम बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। सुदूर क्षेत्रों तक कनेक्टिविटी बढ़ाकर यात्रियों के अनुभव को बेहतर बनाने पर जोर दिया जा रहा है, जिससे समावेशी विकास को भी बढ़ावा मिलेगा।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
Picture of अंग भारत • रिपोर्टर

अंग भारत • रिपोर्टर

‘अंग भारत’ एक हिंदी दैनिक समाचार पत्र है, जो मिलन ग्रुप द्वारा संचालित एक बहुआयामी मीडिया संगठन का हिस्सा है। हमारा कॉर्पोरेट कार्यालय बिहार के ऐतिहासिक अंग प्रदेश के पवित्र स्थान बांका में स्थित है। हमारा उद्देश्य निष्पक्ष, विश्वसनीय और जनहित से जुड़ी खबरों को पाठकों तक पहुंचाना है।”

Related Posts
Recent Posts