ढाका,अंग भारत। इंडियन प्रीमियर लीग 2026 को लेकर बांग्लादेश सरकार ने बड़ा फैसला लेते हुए प्रसारण पर लगाया गया प्रतिबंध हटा दिया है। इस फैसले से क्रिकेट प्रशंसकों और प्रसारण कंपनियों को बड़ी राहत मिली है।
सरकार का बदला रुख
बांग्लादेश के सूचना एवं प्रसारण मंत्री जाहिर उद्दीन स्वपन ने स्पष्ट किया कि अगर कोई चैनल आईपीएल का प्रसारण करना चाहता है, तो सरकार इसे सकारात्मक रूप से देखेगी। उन्होंने कहा कि खेल को राजनीति से अलग रखा जाना चाहिए और प्रसारण से जुड़े फैसले व्यावसायिक दृष्टिकोण से लिए जाएंगे।
पहले क्यों लगाया गया था प्रतिबंध
गौरतलब है कि इस साल जनवरी में बांग्लादेश के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने आईपीएल के प्रसारण पर रोक लगा दी थी। यह निर्णय उस समय लिया गया था जब बांग्लादेशी तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को लीग से बाहर कर दिया गया था। इस कदम के बाद देश में नाराजगी देखने को मिली थी और सरकार ने सख्त रुख अपनाते हुए प्रसारण पर प्रतिबंध लगा दिया था।
Read more..IPL 2026: धोनी चोटिल, शुरुआती मैचों से बाहर सीएसके को झटका
अब प्रसारण के लिए खुला रास्ता
नए घटनाक्रम में मंत्री स्वपन ने पिछली सरकार के इस आदेश को वापस लेने की घोषणा की है। उन्होंने कहा, “हम किसी भी चैनल को आईपीएल का प्रसारण करने से नहीं रोकेंगे। अगर कोई चैनल इसे दिखाना चाहता है, तो हम इसे सकारात्मक रूप से देखेंगे।”उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि आईपीएल के आधिकारिक ब्रॉडकास्टर स्टार sports को भी प्रसारण की अनुमति दी जाएगी। इसके अलावा, केबल ऑपरेटरों पर भी कोई रोक नहीं होगी और वे भी अपने स्तर पर आईपीएल का टेलीकास्ट कर सकते हैं।
क्रिकेट और व्यवसाय का संतुलन
मंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य खेल को बढ़ावा देना है, न कि उसे राजनीतिक मुद्दों से जोड़ना। उन्होंने दोहराया कि आईपीएल जैसे बड़े टूर्नामेंट का प्रसारण एक व्यावसायिक गतिविधि है, जिससे दर्शकों को मनोरंजन मिलता है और प्रसारण उद्योग को भी लाभ होता है।
प्रशंसकों में खुशी की लहर
इस फैसले के बाद बांग्लादेश के क्रिकेट प्रशंसकों में खुशी की लहर है। आईपीएल दुनिया की सबसे लोकप्रिय क्रिकेट लीगों में से एक है और बांग्लादेश में भी इसकी बड़ी फैन फॉलोइंग है। अब दर्शक बिना किसी रुकावट के अपने पसंदीदा खिलाड़ियों और टीमों का प्रदर्शन देख सकेंगे।बांग्लादेश सरकार का यह निर्णय खेल और राजनीति के बीच संतुलन बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। आईपीएल 2026 के प्रसारण को लेकर सकारात्मक रुख अपनाने से न केवल दर्शकों को फायदा होगा, बल्कि इससे दोनों देशों के बीच खेल संबंधों को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है।









