Founder – Mohan Milan

अरार घाट पुल दुर्घटना: लापता युवक की दो दिन बाद मिली लाश

मधेपुरा,अंग भारत। बिहार के मधेपुरा जिले में हुए भीषण सड़क हादसे में लापता चल रहे चौथे युवक का शव रविवार सुबह बरामद कर लिया गया। यह हादसा अरार घाट पुल के पास हुआ था, जहां एक कार अनियंत्रित होकर सुरसर नदी में गिर गई थी।जानकारी के अनुसार, हादसे के बाद से लापता युवक की तलाश लगातार की जा रही थी। रविवार सुबह करीब एक किलोमीटर दूर नदी किनारे ग्रामीणों की नजर पानी में तैरते शव पर पड़ी। इसके बाद स्थानीय लोगों ने नाव की मदद से शव को बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी।

ग्रामीणों की नजर पड़ी, नदी से निकाला गया शव

मृतक की पहचान मधेपुरा शहर के जयपालपट्टी वार्ड-15 निवासी 25 वर्षीय सागर कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि शव छपरिया वासा वार्ड-11 के पीछे सुरसर नदी के मोड़ के पास मिला। ग्रामीणों के सहयोग से सुबह करीब 9 बजे शव को बाहर निकालकर किनारे रखा गया, जिसके बाद पुलिस ने उसे कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।इससे पहले शनिवार को एसडीआरएफ की टीम ने पूरे दिन सर्च ऑपरेशन चलाया था, लेकिन उस समय सागर कुमार का कोई पता नहीं चल सका था। वहीं, शनिवार को ही कार में सवार तीन अन्य युवकों के शव बरामद कर लिए गए थे।

Read more……रामनवमी मेले में 12 वर्षीय नाबालिग छात्रा से दुष्कर्म,आरोपी गिरफ्तार

चारों युवकों की मौत, इलाके में शोक

इन मृतकों में भीरखी वार्ड-23 निवासी घनश्याम कुमार, सहरसा जिले के बसनही थाना क्षेत्र के मोकमा निवासी अंकित कुमार और सौर बाजार थाना क्षेत्र के परसाही निवासी बसंत कुमार शामिल थे। तीनों शवों का पोस्टमार्टम शनिवार को ही करा लिया गया था।घटना शुक्रवार रात की बताई जा रही है। चारों युवक ग्वालपाड़ा इलाके में मेला देखकर लौट रहे थे। इसी दौरान अरार घाट पुल के पास उनकी तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित हो गई। कार ने रास्ते में लगे दो पुराने टेलीफोन खंभों को तोड़ दिया और करीब 30 फीट नीचे सुरसर नदी में जा गिरी।हादसा इतना भयावह था कि कार के परखच्चे उड़ गए। कार का शीशा टूट जाने के कारण दो युवक नदी में बह गए, जबकि दो के शव कार के अंदर ही मिले थे। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस और राहत-बचाव टीम मौके पर पहुंची और तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया।रविवार को चौथे युवक का शव मिलने के बाद इस दर्दनाक हादसे में मरने वालों की संख्या चार हो गई है। पूरे इलाके में इस घटना के बाद शोक का माहौल बना हुआ है।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
Picture of अंग भारत • रिपोर्टर

अंग भारत • रिपोर्टर

‘अंग भारत’ एक हिंदी दैनिक समाचार पत्र है, जो मिलन ग्रुप द्वारा संचालित एक बहुआयामी मीडिया संगठन का हिस्सा है। हमारा कॉर्पोरेट कार्यालय बिहार के ऐतिहासिक अंग प्रदेश के पवित्र स्थान बांका में स्थित है। हमारा उद्देश्य निष्पक्ष, विश्वसनीय और जनहित से जुड़ी खबरों को पाठकों तक पहुंचाना है।”

Related Posts
Recent Posts