Founder – Mohan Milan

झारखंड की ‘दीदियों’ का कमाल, पलाश ब्रांड मॉल तक पहुंचा

रांची,अंग भारत| झारखंड की ग्रामीण महिलाओं की मेहनत अब नए मुकाम पर पहुंच रही है। गांवों में स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी “दीदियों” द्वारा तैयार पलाश ब्रांड के उत्पाद अब स्थानीय बाजार से निकलकर बड़े मॉल और सुपरमार्केट तक पहुंचने लगे हैं। शुद्धता और पौष्टिकता के कारण इन उत्पादों की मांग लगातार बढ़ रही है।

मॉल और सुपरमार्केट में पलाश की एंट्री

राज्य की ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री दीपिका पांडे सिंह के मार्गदर्शन में झारखण्ड स्टेट लाइवहुड प्रमोसन सोसाईटी ने रांची में पायलट प्रोजेक्ट के तहत इसकी शुरुआत की है। शहर के सेल सिटी इलाके में पलाश ब्रांड के उत्पादों ने बाजार में जोरदार एंट्री ली है।पहले चरण में 15 उत्पादों को मॉल और सुपरमार्केट में बिक्री के लिए उतारा गया है, जिन्हें ग्राहकों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है।

कौन-कौन से उत्पाद हो रहे लोकप्रिय

Read more…..कहीं गर्मी तो कहीं बारिश, झारखंड में मौसम का उतार-चढ़ाव

पलाश ब्रांड के तहत रागी आटा, मल्टीग्रेन आटा, बाजरा आटा, रागी कुकीज़, मक्का निमकी, रागी लड्डू, जामुन बीज पाउडर, फॉरेस्ट हनी, तिल लड्डू और विभिन्न प्रकार के अचार जैसे उत्पाद शामिल हैं।इन उत्पादों की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इनमें गांव के पारंपरिक स्वाद को बरकरार रखा गया है और किसी भी प्रकार की मिलावट नहीं की जाती। यही कारण है कि शुद्ध और पौष्टिक भोजन की तलाश में लगे लोग इन उत्पादों को तेजी से अपना रहे हैं।

2 लाख से ज्यादा महिलाएं जुड़ीं

राज्य में पलाश ब्रांड से जुड़कर करीब 2 लाख 6 हजार से अधिक महिलाएं स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ रही हैं।झारखण्ड स्टेट लाइवहुड प्रमोसन सोसाईटी का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना और उन्हें सामाजिक बदलाव की अग्रिम पंक्ति में लाना है।

मजबूत सप्लाई चेन से बाजार तक पहुंच

बाजार में बढ़ती प्रतिस्पर्धा को देखते हुए JSLPS ने एक मजबूत सप्लाई चेन तैयार की है। पहले गांवों में तैयार उत्पादों को पलाश मार्ट तक पहुंचाया जाता है, जहां से उन्हें शहर के मॉल और सुपरमार्केट तक भेजा जाता है।इस पूरी प्रक्रिया में रिटेल आउटलेट्स के साथ औपचारिक समझौते (एमओयू) भी किए गए हैं, ताकि उत्पादों की नियमित आपूर्ति और समय पर भुगतान सुनिश्चित हो सके।

आगे और विस्तार की तैयारी

JSLPS अब पलाश ब्रांड को और विस्तार देने की योजना बना रहा है। “अपना मार्ट” सहित अन्य बड़े सुपरमार्केट से बातचीत चल रही है। यदि सब कुछ योजना के अनुसार हुआ, तो जल्द ही राज्यभर के बड़े रिटेल स्टोर्स में ये उत्पाद उपलब्ध होंगे।

गांव से बाजार तक सफलता की कहानी

रांची, गोड्डा, खूंटी, गुमला, सिमडेगा, चाईबासा, जमशेदपुर, गिरिडीह और बोकारो जैसे जिलों की महिलाएं इस पहल में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। स्थानीय संसाधनों और पारंपरिक कौशल के जरिए वे न सिर्फ उत्पाद तैयार कर रही हैं, बल्कि बेहतर पैकेजिंग पर भी ध्यान दे रही हैं।यह पहल न सिर्फ रोजगार का जरिया बनी है, बल्कि झारखंड के पारंपरिक स्वाद को एक नई पहचान भी दे रही है। आज के समय में जब लोग शुद्ध और पौष्टिक भोजन की ओर लौट रहे हैं, पलाश ब्रांड उनके भरोसे पर खरा उतरता नजर आ रहा है।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
Picture of अंग भारत • रिपोर्टर

अंग भारत • रिपोर्टर

‘अंग भारत’ एक हिंदी दैनिक समाचार पत्र है, जो मिलन ग्रुप द्वारा संचालित एक बहुआयामी मीडिया संगठन का हिस्सा है। हमारा कॉर्पोरेट कार्यालय बिहार के ऐतिहासिक अंग प्रदेश के पवित्र स्थान बांका में स्थित है। हमारा उद्देश्य निष्पक्ष, विश्वसनीय और जनहित से जुड़ी खबरों को पाठकों तक पहुंचाना है।”

Related Posts